ADD

कन्या क्रीडा परिसर अम्बिकापुर में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू ... 24 व 25 जून तक आवेदन

0

अंबिकापुर ।। खबरी गुल्लक।।

शासकीय कन्या क्रीडा परिसर आदिवासी विकास अम्बिकापुर  में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त 13 सीटों पर प्रवेश हेतु चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। मिडिल स्कूल स्तर के लिए चयन 24 जून 2026 को तथा हाईस्कूल स्तर के लिए 25 जून 2026 को किया जाएगा। प्रवेश अनुसूचित जनजाति एवं जनजाति वर्ग की छात्राओं के लिए निर्धारित है। इच्छुक छात्राओं को प्रवेश पंजीयन फार्म 1 जून से 18 जून 2026 तक कार्यालयीन अवधि में कन्या क्रीडा परिसर छात्रावास अम्बिकापुर से निःशुल्क प्राप्त कर निर्धारित तिथि के भीतर ही आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

प्रवेश के लिए कक्षा वार आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए छात्रा की आयु 11 वर्ष तथा कक्षा 9वीं के लिए 14 वर्ष निर्धारित है। कक्षा 6 वीं की छात्राओं को प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ी छात्राओं एवं अधिक लंबाई वाली छात्राओं को भी वरीयता प्रदान की जाएगी।

चयन प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होगी। इसमें विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षण शामिल रहेंगे, जिनमें उछाल, शरीर का ऊपरी भाग मोड़ना, 50/100 मीटर दौड़, सिट-अप, पुश-अप, बॉल थ्रो, लेग रेसिंग, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, 400 से 800 मीटर सहनशक्ति दौड़ तथा 1000 मीटर दौड़ शामिल हैं। चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा और मेरिट सूची 1 जुलाई 2026 को मध्यान्ह पश्चात प्रकाशित की जाएगी। सीटें रिक्त रहने पर मेरिट क्रम के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए छात्राओं को उत्तीर्ण कक्षा की अंकसूची, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट फोटो लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया के दौरान छात्राओं को खेल मैदान में स्पोर्ट्स किट, यानी टी-शर्ट, शॉर्ट्स तथा जूते पहनकर प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक उपस्थित रहना होगा।

चयनित छात्राओं के लिए परिसर में अध्ययन और प्रशिक्षण दोनों अनिवार्य होंगे। उन्हें प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 4:15 बजे तक शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अम्बिकापुर में अध्ययन हेतु जाना होगा। इसके साथ ही प्रातः 6 बजे से 8:30 बजे तक तथा सायं 4:30 बजे से सूर्यास्त तक खेल मैदान में अभ्यास करना अनिवार्य होगा।संस्थान की ओर से चयनित छात्राओं को आवास, नाश्ता, भोजन, गणवेश, ट्रैक सूट, जूते-मोजे, छात्रवृत्ति तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समय-समय पर दी जाने वाली अन्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए वरिष्ठ कोच क्रीडा परिसर अम्बिकापुर के मोबाइल नंबर 9669420504 तथा अधीक्षिका, कन्या क्रीडा परिसर अम्बिकापुर के मोबाइल नंबर 8871288554 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है। यह जानकारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, अम्बिकापुर ललित शुक्ला द्वारा जारी की गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)