Public problem resolution camp held for 14 Gram Panchayats of Surguja सरगुजा के 14 ग्राम पंचायत के लिए हुआ जनसमस्या निवारण शिविर, 840 आवेदनों का हुआ निराकरण, मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा सुशासन तिहार सीएम विष्णुदेव साय की अनूठी पहल

Public problem resolution camp held for 14 Gram Panchayats of Surguja सरगुजा के 14 ग्राम पंचायत के लिए हुआ जनसमस्या निवारण शिविर, 840 आवेदनों का हुआ निराकरण, मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा सुशासन तिहार सीएम विष्णुदेव साय की अनूठी पहल

khabrigullak.com
By -
0


अंबिकापुर ।।खबरी गुल्लक 21 मई 2026

  आम नागरिकों की मांग और शिकायतों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में उदयपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मुड़गांव क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में 1211 मांग एवं 82 शिकायत से सम्बंधित आवेदन प्राप्त हुए। पूर्व प्राप्त 840 आवेदन पत्रों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया। वहीं शिविर में प्राप्त नवीन आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तय समय-सीमा में निराकरण हेतु प्रेषित किया गया।

जनसमस्या निवारण शिविर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी मांग एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित कर आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की अनूठी पहल है। इस अभियान के अंतर्गत गांव-गांव में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा विभिन्न गांवों में पहुंचकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण तय समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी मांग एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण करने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण का प्रभावी मंच है और प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने राजस्व सहित सभी विभागों के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने एवं आवेदकों को निराकरण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को जनदर्शन आयोजित किया जाता है, जिसमें नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रस्तुत कर सकते हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने शिविर में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को राज्य शासन की राहवीर योजना के तहत सम्मानित किया जाता है तथा ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा किसी प्रकार की परेशानी नहीं दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आवेदन भी प्राप्त किए गए। विभागीय अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

हितग्राहियों को वितरित की गई सामग्री-
शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा परिवार सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चाबी प्रदान की गई। पशुधन विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड तथा कृषि विभाग द्वारा केसीसी कार्ड एवं पंप वितरण किया गया।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रहमुनिया करिया, जनपद अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती चंद्रमा सिंह, श्री श्रवण सिंह, श्रीमती सीधी पैकरा सहित सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, डीएफओ श्री अभिषेक जोगावत, एसडीएम श्री रामराज सिंह, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)