अम्बिकापुर ।। खबरी गुल्लक।।
शहर में अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं निगम के सड़कों की जर्जर स्थिति, बंद स्ट्रीट लाइट, चौपट सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, बरसात पूर्व रखरखाव जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी दिनांक 22 मई को संगम चौक पर चक्काजाम करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि 18 मई को निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने इन ज्वलंत मुद्दों के निराकरण के लिए सरगुजा कलेक्टर को एक ज्ञापन दिया था। किंतु इन समस्याओं के निराकरण की दिशा में अबतक कोई सकारात्मक पहल नहीं दिखी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा की कथित ट्रिपल इंजन की सरकार में स्थिति प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। ऐसे में नागरिक हितों के लिए कांग्रेस अपनी जवाबदेही से पृथक नहीं हो सकती। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगम चौक पर शाम 4 बजे से चक्काजाम प्रारंभ होकर तबतक जारी रहेगा जब तक संबंधित विभाग के अधिकारी चक्काजाम स्थल पर उपस्थित हो आमजन और मीडिया की मौजूदगी में निर्धारित समयसीमा में स्थित सुधार करने का लिखित आश्वासन न दे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने अम्बिकापुर शहर के सभी प्रबुद्धजनों, व्यवसायियों, मीडिया संस्थानों, आम नागरिकों , जन सरोकार से जुड़े सभी संगठनों का आव्हान किया है कि वे शहर और शहर के नागरिकों के हित में आंदोलन स्थल पर आने की कृपा करें।




