सद्भावना ग्राम तकिया में सलाना उर्स के आयोजन की तैयारी जोरो पर .. शांति समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय, 20 से 22 मई तक तीन दिवसीय होगा आयोजन

सद्भावना ग्राम तकिया में सलाना उर्स के आयोजन की तैयारी जोरो पर .. शांति समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय, 20 से 22 मई तक तीन दिवसीय होगा आयोजन

khabrigullak.com
By -
0

अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 15 मई 2026।।  

सद्भावना आदर्श ग्राम तकिया में 20, 21 व 22 मई 2026 को आयोजित होने वाले वार्षिक उर्स के सफल और शांतिपूर्वक आयोजन के लिए शांति समिति की बैठक  जिला पंचायत के सभाकक्ष में अपर जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर व प्रभारी अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अम्बिकापुर के एसडीएम, जिला परियोजना अधिकारी (जिला साक्षरता मिशन), सहायक यंत्री सीएसपीडीसीएल, अन्य विभागीय अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और सामाजिक हस्तियों ने भाग लिया।

बैठक में अंजुमन इस्लाहूल मुस्लेमिन के अध्यक्ष  इरफान सिद्धिकी ने कार्यक्रम का विस्तृत कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष 154 वां उर्स जुलूस व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीन दिनों तक चलेगा। 20 मई को शाम 4 बजे जामा मस्जिद से संदल व चादर का जुलूस निकलेगा जो जयस्तਭ चौक, महामाया चौक, थाना चौक व लरंगसाय चौक होते हुए तकिया मजार शरीफ पहुँचेगा। उसी दिन संदल-चादर पोशी व नमाज़-ए-इशा व उर्स संबंधी अल्प कार्यक्रम होंगे। 20 मई को आल इंडिया मुशायरा व कवि सम्मेलन तथा 21- 22 मई को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कव्वालों द्वारा शानदार कव्वाली प्रतियोगिता आयोजित होगी। अंजुमन ने बताया कि इस आयोजन में विभिन्न जिलों व राज्यों से लगभग 20,000–25,000 आगंतुक शामिल होते हैं और विशिष्ट अतिथियों के आगमन की भी संभावनाएँ रहती हैं। शांति समिति व उपस्थित नागरिकों ने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, जल आपूर्ति, पुलिस व यातायात व्यवस्था, डिवाइडेड बैठने की व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव व अपेक्षाएँ रखीं। 

प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्थाएँ

- पुलिस विभाग को कार्यक्रम स्थल पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने, पर्याप्त महिला व पुरुष पुलिस बल (यूनिफॉर्म/सादे वर्दी), निरंतर पेट्रोलिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।  आयोजन समिति को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर निर्धारित कर उनकी सूची पुलिस को उपलब्ध करानी होगी।  आगमन- निरगमन के लिए अलग व्यवस्था रखने तथा मेले के चुने हुए स्थानों पर महिला-पुरुष के लिए पृथक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व पार्किंग

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के माध्यम से यातायात प्रभारी को सभी मार्गों पर यातायात नियमित करने व ठेलों खोमचों को हटाने के निर्देश दिए गए।  वाहन पार्किंग का पूर्व नियोजन, शहर से ई-रिक्शा/यातायात साधनों की व्यवस्था तथा छोटे पिकअप वाहनों में ओवरलोडिंग न हो, इसके लिए जनसम्पर्क द्वारा संदेश प्रसारित कराने का निर्णय लिया गया।

जनसुविधाएँ व बुनियादी ढांचा

नगर निगम को साफ-सफाई व वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से हैंडपम्पों की सफाई व मरम्मत कराने का निर्देश।  जनपद पंचायत को अतिरिक्त अस्थायी शौचालय उपलब्ध कराने को कहा गया।  विद्युत विभाग व नगर निगम को मार्गों व संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश, फ्लड लाइट/हाई मास्क लाईट व आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश। टाँगें हुए ट्रांसफार्मर व टूटे तारों की मरम्मत कराना अनिवार्य बताया गया।  लोक निर्माण विभाग व संबंधित विभागों को आयोजन स्थल तक आने वाले मार्गों की मरम्मत 19 मई 2026 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।  तकिया मजार से आयोजन स्थल तक बाँरिकेडिंग कर दिये जाने व महिलाओं व पुरुषों के लिए पृथक बैठने के अनुरूप व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। लकड़ी/बांस की आपूर्ति वन मंडलाधिकारी द्वारा सुनिश्चित करायी जाएगी।

चिकित्सा व आपात सेवाएँ

 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जीवनरक्षक दवाइयों सहित चिकित्सक टीम व एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।  जिला नगर सेनानी/नगर सेना को पिछले वर्षों की तरह कार्यक्रम स्थल पर एक फायर ब्रिगेड तैनात करने का निर्देश दिया गया।

अन्य निर्देश व अपील

आयोजन समिति से आग्रह किया गया कि मुख्य अतिथियों वीआईपी की सूची व पास संख्या पुलिस को उपलब्ध करायी जाए।   आयोजन स्थायी व्यवस्थाओं के लिए अंजुमन से कहा गया कि वे स्थायी संरचनाओं के निर्माण पर विचार करें (जैसे स्ट्रीट लाइट, पानी टंकी आदि), ताकि बार-बार अस्थायी इंतजाम न करने पड़ें।   उपस्थित लोगों से सामाजिक संचार माध्यमों व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर इत्यादि पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या उत्तेजक सामग्री साझा न करने की अपील की गयी, जिससे शांति भंग न हो।

अपर जिला दण्डाधिकारी सुनील नायक ने कहा कि पिछला उर्स भी शांतिपूर्ण रहा और इस वर्ष भी सभी संबंधित विभाग व अंजुमन कमेटी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उन्होंने आयोजक अंजुमन को स्वयं आयोजन संबंधी व्यवस्थाएँ करने के निर्देश दिये और साथ ही दायित्वों का निर्वाह संबंधित विभाग सुनिश्चित करेंगे। बैठक में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को गत वर्ष की तरह आवश्यक कार्य तिथि से पूर्व सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

 अपर जिला दण्डाधिकारी सुनील नायक ने शांति समिति के सदस्यों व गणमान्य नागरिकों को धन्यवाद दिया और सभी से आग्रह किया कि नियत तिथि 20 मई 2026 से पूर्व सभी तयकार्यों को पूर्ण कर आयोजन को शांतिपूर्ण बनाएं। इस कार्यवाही की स्वीकृति कलेक्टर  द्वारा प्रदान की गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)