AC फटने से घर में लगी आग.. सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की मौत,..इकलौते पुत्र की हालत गंभीर

AC फटने से घर में लगी आग.. सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की मौत,..इकलौते पुत्र की हालत गंभीर

khabrigullak.com
By -
0

नई दिल्ली ।। खबरी गुल्लक ।।

दक्षिण दिल्ली के हौज़ खास स्थित आर-15 फेज़ के एक आवासीय भवन में देर रात आग लगने से वरिष्ठ सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और पूर्व विश्व बैंक एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर धनेंद्र कुमार गर्ग 80 की मौके पर ही मौत हो गई। उनके  बेटे को  गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा प्राथमिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि हादसा एयर कंडीशनर एसी की इंडोर यूनिट में हुए धमाके के कारण हुआ। हौज़खास थाना इस मामले की गहन जांच कर रहा है और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

 दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के अनुसार बुधवार देर रात लगभग 11:18 बजे हौज़खास थाना को पीसीआर कॉल के माध्यम से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। स्थानीय लोग अचानक तेज धुएँ और भागो भागो की आवाज सुनकर पुलिस व दमकल को सूचित करने के बाद मौके पर जुटे। घटनास्थल पर दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब 1 घंटे 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से घर में मौजूद सदस्यों को बाहर निकाला गया और तुंरत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। जिस समय आग लगी, घर में धनेंद्र कुमार, उनकी पत्नी मंजू गर्ग, उनका बेटा और दो घरेलू सहायक मौजूद थे। धनेंद्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया गया। उनके बेटे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि पत्नी और घरेलू सहायकों को भी धुएँ के संपर्क के कारण अस्पताल में उपचार कराया गया। दमकल कर्मियों व प्रारंभिक तकनीकी टीम की शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसा संभवतः एयर कंडीशनर की इंडोर यूनिट में धमाका होने के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि धनेंद्र कुमार गर्ग मूलतः उत्तर प्रदेश के गंगोह के निवासी थे और अपने इलाके के पहले आईएएस अफसर थे। वे 1967 बैच के हरियाणा कैडर से ताल्लुक रखते थे और लंबे प्रशासनिक करियर के बाद विश्व बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर भी रहे। उनके करियर और सार्वजनिक सेवा को लेकर साथी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया है।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)