नगर निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में विपक्ष के कांग्रेस पार्षदों ने आज सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को ज्ञापन सौंपकर अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जल निकासी, बिजली, सफाई एवं आम जन की समस्याओं के त्वरित निराकरण कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि हम नगर निगम अम्बिकापुर में कांग्रेस के पार्षद, वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं आम जन की ओर से आपके संज्ञान में अम्बिकापुर नगर क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं को लाना चाहते हैं, जिनसे आमजन अत्यंत परेशान एवं आक्रोशित हैं।
नगर के मध्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 43 अंतर्गत सदर रोड, देवीगंज रोड तथा विशेष रूप से महामाया चौक से गुरुनानक चौक तक सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं बदहाल हो चुकी है। नगर निगम क्षेत्र की बाबू पारा, विशुन पुर,नमनाकला,नवापारा,बौरी पारा,दर्री पारा सहित अधिकांश क्षेत्रो की अंदरूनी सड़कें भी खस्ताहाल हैं। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जबकि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने में एक माह से भी कम समय शेष है। बरसात शुरू होने के बाद डामरीकरण एवं सड़क निर्माण कार्य संभव नहीं हो पाएगा, जिससे नागरिकों की समस्याएँ और विकराल होंगी।
बरसात पूर्व जल निकासी व्यवस्था के लिए भी कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है। जल निकासी के लिए विभिन्न वार्डो में बड़े नाला एवम नालियों का निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हो सका है ।वार्ड के पार्षदों से बात कर जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराया जाए। शहर के भीतरी बस्तियों एवं आसपास की खाली जमीनों पर अव्यवस्थित मिट्टी भराव कर प्राकृतिक जल निकासी मार्गों को बाधित किया जा रहा है। कुंडला सिटी के पीछे एवं बरेज तालाब के समीप मिट्टी भराव के कारण हल्की वर्षा में ही अग्रसेन वार्ड में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो रही है।
मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती तथा प्रतिदिन अघोषित बिजली कटौती से आमजन त्रस्त हैं। बढ़े हुए एवं त्रुटिपूर्ण बिजली बिलों ने जनता की परेशानी और बढ़ा दी है। नगर की गलियों एवं रिंग रोड क्षेत्र में अधिकांश बिजली खंभों पर स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे नागरिकों को असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की नालियों एवं गलियों की सफाई व्यवस्था लगभग ठप है, जिससे गंदगी एवं बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
नालियो और प्राकृतिक जल निकास मार्गो की सफाई/बारिश पूर्व की तैयारियों के न होने से हल्की बारिश में ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों/निचली बस्तियों में जल जमाव देखा गया है जो कि बेहद चिंता का विषय है। इसके अतिरिक्त विधवा पेंशन,वृद्धा पेंशन, विकलांगता पेंशन सहितअन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान विगत 6 माह से लंबित है, जिससे जरूरतमंद हितग्राहियों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।सुशासन त्योहार के तहत आयोजित शिविरों मे आवेदन देने पर भी आम जनों की की छोटी-छोटी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। उपरोक्त समस्त समस्याओं के कारण नगरवासियों में भारी असंतोष व्याप्त है। सभी समस्याओं पर प्रभावी एवं ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अन्यथा कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी, पार्षदगण एवं आमजन के साथ विरोध प्रदर्शन आंदोलन करने हेतु बाध्य होंगे। जनहित में त्वरित कार्यवाही अपेक्षित है।




