Electricity system collapses in Ambikapur...: अंबिकापुर में विद्युत व्यवस्था हुई ध्वस्त.. बिना आंधी पानी के भी 4 से 5 घंटा रोज हो रही कटौती, स्तरहीन कार्य से लोग गर्मी में भुगत रहे नर्क समान यातना,पानी सप्लाई पर बुरा असर

Electricity system collapses in Ambikapur...: अंबिकापुर में विद्युत व्यवस्था हुई ध्वस्त.. बिना आंधी पानी के भी 4 से 5 घंटा रोज हो रही कटौती, स्तरहीन कार्य से लोग गर्मी में भुगत रहे नर्क समान यातना,पानी सप्लाई पर बुरा असर

khabrigullak.com
By -
0

 

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।। 

संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बिजली की ध्वस्त होती व्यवस्था ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बगैर आंधी पानी के भी घंटों बिजली गुल हो रही है। बिजली विभाग भीषण गर्मी में घंटों अघोषित कटौती कर लोगों को नर्क समान यातना दे रहा है। शहर वासियों ने बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर रोष व्यक्त किया है, नागरिकों का रोष कभी भी सड़क पर उतर सकता है। नागरिकों का कहना है कि ठेका प्रथा से चल रहे विद्युत व्यवस्था की बदहाली पर कोई अंकुश नहीं है। आरोप लगाया गया कि मरम्मत और संधारण के नाम पर पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है मगर कमीशनखोरी और स्तरहीन कार्य के चलते हालात सुधरने के बजाए और बिगड़ रहे हैं। रविवार की रात भी 4 से 5 घंटा बिजली काट दिए जाने के चलते लोग भीषण गर्मी में उबलते रहे। 

पानी सप्लाई पर भी असर

बार बार घंटों बिजली गुल रहने का शहर के पेयजल सप्लाई व्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि बिजली बाधा के कारण तकिया फिल्टर प्लांट और कतकालो फिल्टर प्लांट से टंकियों में पानी नहीं भर पा रहे हैं। टंकियों में बहुत कम पानी संग्रहित होने के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। बिजली व्यवस्था ठीक रहने पर पानी सप्लाई की व्यवस्था भी सुधर जाती है। पानी सप्लाई में आ रही परेशानी के लिए बिजली विभाग जिम्मेदार है। 

निगम के पानी सप्लाई वाले समय में भी कटौती ने बढ़ाई परेशानी

नागरिकों का भी कहना है कि बिजली विभाग द्वारा मरम्मत और संधारण के नाम पर घोषित तिथि और समय से 4 से 5 गुना अधिक बिजली काट दिया जा रहा है। जब आंधी तूफान आए ,पेड़ गिरे तो कारण समझ में आता है मगर वर्तमान समय में न तो तेज हवा चल रही है और न ही पेड़ गिर रहे हैं फिर भी 4 से 5 घंटा बिजली गुल हो रही है। सुबह 6 से 7 और शाम 5 से 6 बजे तक नगर निगम की पानी सप्लाई होती है, इस अवधि में भी लाइट काट दिए जाने से लोग पानी संकट से भी जूझ रहे हैं। 

बारिश पूर्व चल रहा मरम्मत और संधारण 

इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता शहर जेपी राजवाड़े ने कहा कि फाल्ट की स्थिति में मैदानी अमला युद्ध स्तर पर मरम्मत कर रहा है। वर्तमान समय में बारिश पूर्व संधारण कार्य चल रहा है जिससे अलग अलग क्षेत्र में घोषित तिथि को कटौती कर मरम्मत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पानी के समय बिजली नहीं काटी जाए इसका प्रयास किया जा रहा है। 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)