चर्च के नेताओं पर बरसाई गोलियां : तीन को उतारा मौत के घाट..चार घायल

चर्च के नेताओं पर बरसाई गोलियां : तीन को उतारा मौत के घाट..चार घायल

khabrigullak.com
By -
0

इंफाल। खबरी गुल्लक। 

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों ने बुधवार को चर्च के नेताओं के काफिले पर अंधाधुंध गोलीबारी कर तीन लोगों की  हत्या कर दी। हमले में चार अन्य घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को इंफाल के शिजा अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए हैं।

ऐसे हुई घटना

यह खौफनाक वारदात कोटजिम और कोटलें गांवों के बीच उस समय हुई, जब थाडौ बैपटिस्ट एसोसिएशन (टीबीए) के तीन चर्च नेता—रेवरेन्ड वी सितल्हौ, रेवरेन्ड कैगौलेन और पादरी पाओगौलेन—दो वाहनों में सवार होकर चुराचांदपुर से कांगपोकपी की ओर जा रहे थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अचानक वाहनों को रोका और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मृतक रेवरेन्ड वी सितल्हौ हाल ही में नगालैंड के कोहिमा में आयोजित शांति मिशन में सक्रिय थे, जहां कुकी-जो और तांगखुल समुदायों के बीच संवाद और सुलह की पहल चल रही थी।

 इलाके में तनाव

हमले के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पत्थर, लकड़ियां और अन्य सामग्री फेंककर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 को अवरुद्ध कर दिया। यह महत्वपूर्ण मार्ग मणिपुर को नगालैंड और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके को घेर लिया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस और अन्य एजेंसियां हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।  प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने का ऐलान किया है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)