अंबिकापुर ।खबरी गुल्लक। 28 मई 2026
सड़क हादसों की रोकथाम तथा हाईवे पर भीड़-भाड़ वाले ब्लैक स्पॉट का निराकरण करने के उद्देश्य से थाना मणीपुर व लखनपुर क्षेत्र के हाईवे निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यह कार्रवाई डीआईजी एवं जिला एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो द्वारा टीम के साथ की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ढिल्लो के साथ हाईवे एसडीओ निखिल लकड़ा, आरटीओ अधिकारी बंटी द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी के प्रतिनिधि, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त्य, थाना मणीपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक सीपी तिवारी तथा थाना लखनपुर के प्रभारी सम्पत पोटाई ने मणीपुर व लखनपुर क्षेत्र के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण किया और वास्तविक परिस्थितियों का स्थलीय अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने उन स्थानों की पहचान की जहाँ बार-बार दुर्घटनाएँ हो रही हैं तथा दुर्घटना-प्रवण परिस्थितियों को हटाने के लिए त्वरित और दीर्घकालिक सुधारात्मक उपाय सुझाए। निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
जिसमें ब्लैक स्पॉट पर स्पष्ट और दीर्घस्थायी रोड मार्किंग स्थापित की जाए तथा नियमित अंतराल पर उसकी गुणवत्ता जांची जाए।
दुर्घटना की संभावना घटाने हेतु आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर व स्पीड मार्किंग लगाए जाएं।
संवेदनशील जंक्शनों व मोड़ों पर दिशा-सूचक बोर्ड एवं जंक्शन संकेतक शीघ्र लगाए जाएं।
हाईवे के किनारे परिवहन स्टॉपर और सावधानी संबंधी बोर्ड लगाए जाएँ ताकि वाहन चालकों को समय रहते चेतावनी मिल सके।
रात के समय दृश्यता सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था की जाए; रोशनी की स्थिति सुधारने के लिए क्रेडा को पत्राचार कर आवश्यक कार्यवाही करवाई जाए।
स्थानीय ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता व रखरखाव कार्यों में स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने बताया कि इन निर्देशों का लक्ष्य न केवल तत्काल सुधार कराना है, बल्कि लंबी अवधि में दुर्घटनाओं की आवृत्ति घटाना और यातायात सुरक्षात्मक मानकों को सुदृढ़ बनाना है। आरटीओ एवं पीडब्ल्यूडी को तकनीकी रूप से आवश्यक कार्यवाही का स्वत: पालन सुनिश्चित करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पुलिस मुख्यालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय थानों को भी ब्लैक स्पॉट पर निगरानी बढ़ाने और आवश्यकतानुसार ट्रैफिक व्यवस्था सख्त करने का आग्रह किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, परिवहन विभाग और स्थानीय समुदायों को मिलकर काम करना होगा। हम जल्द से जल्द इन चिन्हित स्थानों पर सुधार कराकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने लोगों से भी सड़क नियमों का पालन करने तथा किसी भी खामियों की सूचना थाने को देने का अनुरोध किया। उल्लेखनीय है कि जिले में हुई पिछली दुर्घटनाओं के आँकड़ों का अध्ययन कर प्राथमिकता अनुसार ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक स्थानों पर त्वरित निवारक कार्रवाई के निर्देश दिये जाने से अपेक्षा है कि आने वाले दिनों में मणीपुर व लखनपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी।




