अंबिकापुर।खबरी गुल्लक।
सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सड़क, पुलिया सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी से संबंधित विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कतिपय अधिकारियों और छुटभैये नेताओं के शह पर कमीशनखोरी के गंदे खेल से न सिर्फ घटिया निर्माण हो रहे हैं बल्कि शासन और प्रशासन की छवि को धूमिल भी कर रहे हैं। इस तरह का एक और नया मामला सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में ही ग्राम पंचायत बंदना घुटरापारा में सामने आया। यहां निर्माण के मापदंडों की अवहेलना करते हुए घटिया पुलिया निर्माण किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत के द्वारा इस निर्माण का ठेका दे दिया गया है। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बंदना घुटरापारा से यादवपारा जाने वाले सीसी सड़क पर करीब 5 लाख रुपए का पुलिया निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिए निर्माण सामग्री का मानक तय किया गया है। मगर ठेकेदार के द्वारा गुणवत्ता को ताक पर रखकर स्तरहीन सामग्री से निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद सरपंच, सचिव के द्वारा न तो निरीक्षण किया जाता है और न ही कार्रवाई। मिली भगत से सारा खेल चल रहा है। हाल ही में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पंचायत के दौरे पर पहुंचे थे, उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निरीक्षण के निर्देश दिए थे। मगर पंचायत प्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। शासन के द्वारा विभिन्न विकास कार्य के लिए राशि की मंजूरी दी जा रही है मगर विभाग और निर्माण के बीच की कड़ी के कमीशनखोरी में लिप्त होने के कारण शासकीय राशि का बंदरबांट किया जा रहा है। निर्माण में गुणवत्ता नहीं होने से लोगों में निराशा भी है।
जब पोल खुली तो हो गई लीपापोती
ऐसे हुई लिपा पोती
घटिया निर्माण की जब पोल खुली तो ठेकेदार द्वारा अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए लिपापोती कर दी गई। घटिया निर्माण के ऊपरी भाग में सीमेंट का लेप चढ़ा दिया गया। यदि कोई ऊपरी तौर पर निरीक्षण करेगा तो ऐसा लगेगा मानो बेहतर काम किया गया है,मगर जब इस सीमेंट के लेप के नीचे की जांच करेंगे तो सच्चाई सामने आ जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी बारीकी से जांच और संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
निर्माण की राशि रहे डकार
ज्ञात हो कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के मैनपाट विकासखंड में घटिया सड़क निर्माण किसी से छुपी नहीं है। करोड़ों रुपए के डामरीकृत सड़क का निर्माण बगैर मजबूत बेस बनाए मिट्टी रेत के ऊपर कर दिया गया। मानक का ख्याल नहीं रखे जाने से सड़क उखड़ने लगी। ग्रामीण स्वयं हाथ से सड़क की परतें उखाड़ वीडियो बना सोशल मीडिया में वायरल कर रहे हैं। केंद्र सरकार की संवेदनशील पीएम जनमन योजना को ठेकेदार, ओहदेदारों और भ्रष्ट अधिकारियों ने कमाई का जरिया बना लिया है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग की कार्यशैली पर भी अब सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
✍️99268 49074





