अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।।30 मई 2026
पुलिस उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सरगुजा जिला पुलिस ने म्यूल खातों, फर्जी सिम और पॉइंट-ऑफ-सेल से जुड़ी ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए दो और खाता धारकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के निर्देशानुसार गांधीनगर पुलिस ने उक्त कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि आरोपी गुफरान जाहिद पिता मोहम्मद परवेज आलम 32 वर्ष निवासी तकिया शरीफ रनपुरखुर्द कोतवाली और तजमुल अंसारी पिता परवेज अंसारी 25 वर्ष, निवासी तकिया शरीफ रनपुरखुर्द थाना कोतवाली अम्बिकापुर को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों के द्वारा बैंक में खाता खोल सायबर अपराधियों में 5 -5 हजार रुपए में खाता बेचा गया था। आरोपियों के खाते से कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना से साइबर पुलिस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हुईं। सरगुजा पुलिस अभी तक केवल खाता धारकों को गिरफ्तार कर पा रही है। बैंक से खाता धारकों की डिटेल मिल जाने से न्यूल एकाउंट धारक आसानी से पकड़े जा रहे हैं। चंद रुपए के लिए युवा अपराधियों को बैंक खाता बेच फंस रहे हैं,मगर गिरोह के सरगना तक पुलिस नहीं पहुंच पा रही है।
कार्यवाई में यह रहे सक्रिय
कार्यवाई में थाना प्रभारी/निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, अमृत सिंह, विकास सिंह और रिषभ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पुलिस ने नागरिकों से किया आग्रह
नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपनी बैंक व मोबाइल जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें, किसी भी संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस या साइबर पुलिस पोर्टल पर दें, और यदि किसी प्रकार के भुगतान/लेनदेन में अप्रत्याशित प्राप्ति हो तो तत्काल बैंक व पुलिस को सूचित करें।




