पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में राजनीतिक हिंसा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित विधायक सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात करीब 11:30 बजे मध्यग्राम इलाके में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना जेस्सोर रोड पर दोहारिया क्षेत्र के पास हुई, जहां बाइक सवार हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और शुरुआती जांच के अनुसार चंद्रनाथ रथ अपने घर लौट रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो जेस्सोर रोड पर दोहारिया के पास पहुंची ही थी कि दो बाइक सवार संदिग्ध युवकों ने गाड़ी को रोक लिया। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के हथियार निकाल लिए और गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
एक गोली सीधे चंद्रनाथ रथ के सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्राइवर और एक अन्य यात्री ने किसी तरह गाड़ी को नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में दो अन्य लोग भी जख्मी हो गए, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
राजनीतिक रंग और पुलिस कार्रवाई
चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे और भाजपा की स्थानीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। इस घटना के बाद भाजपा ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि यह TMC की गुंडागर्दी का नंगा नाच है।
कोलकाता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की बाइकों का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारीयों का कहना है कि यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत होता है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन छापेमारी तेज कर दी गई है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत संपर्क करें। इस घटना ने कोलकाता के मध्यग्राम इलाके में दहशत फैला दी है, और स्थानीय लोग सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।



