सरगुजा में डायल 112 के आरक्षक पर जानलेवा हमला कर बनाया था बंधक.. पुलिस ने पहले दो को, आज 4 फरार आरोपियों को भेजा जेल...

सरगुजा में डायल 112 के आरक्षक पर जानलेवा हमला कर बनाया था बंधक.. पुलिस ने पहले दो को, आज 4 फरार आरोपियों को भेजा जेल...

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।। 10 जून 2026।

डॉयल-112 वाहन में तैनात एक आरक्षक पर धारदार रॉड से किया गए हमले के मामले में थाना लुण्ड्रा पुलिस ने गुरुवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा। पुलिस ने बताया कि थाना लुण्ड्रा में तैनात आरक्षक बहाल राम तथा चालक डेविड कुजूर को  03 जून 2026 रात्रि करीब 10:09 बजे डॉयल-112 टीम को ग्राम महोरा के आम बगीचे के पास बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि चार-पाँच लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे और शराब के नशे में थे। डॉयल-112 वाहन को देखकर कुछ व्यक्ति घटनास्थल से भाग गए जबकि दो लोगों को समझाकर वापस थाना लौट रहे थे, इसी बीच बड़ी संख्या में कुछ अन्य लोग डंडा-रॉड लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। समझाने के बावजूद आरोपियों ने आरक्षक  को घेरकर कुछ देर तक बंधक बना लिया। अचानक आरोपियों ने आरक्षक बहाल राम पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर व दाहिने हाथ पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरक्षक बेहोश हो गए और खून बहने लगा। चालक डेविड कुजूर ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए घायल आरक्षक को वाहन में बैठाकर लुण्ड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

 घटना की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल का निरीक्षण व गवाहों के बयान के आधार पर पता चला कि घटना में दिलबर नागेश, आकाश कुमार, अनुक साय पैंकरा, अजीत पैंकरा व अन्य शामिल थे। प्रारंभिक कार्रवाई में अनुक साय पैंकरा व अजीत पैंकरा को गिरफ्तारी कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था।  आज थाना लुण्ड्रा पुलिस ने फरार बताए गए चार आरोपी दिलबर नागेश 21 वर्ष निवासी महोरा, संतोष पैंकरा 30 वर्ष निवासी कुदर, लक्ष्मी नारायण 22 वर्ष निवासी महोरा, आकाश कुमार 18 वर्ष निवासी लुण्ड्रा  को गिरफ्तार कर  जेल भेज दिया गया।

 एसएसपी एवं डीआईजी राजेश अग्रवाल के दिशा- निर्देश के अनुरूप थानों में दर्ज प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कठोर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, विशेषकर तब जब पीड़ित ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी हों। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई प्रगति पर है तथा आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना लुण्ड्रा के सउनि शिवचरण राम साहू, प्रधान आरक्षक नारायण मिंज, आरक्षक संजय केरकेट्टा, इबनुल खान सक्रिय रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)