सुकमा/कोंटा।। खबरी गुल्लक
बस्तर के सुकमा वनमंडल की टीम ने एक शातिर शिकार गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 दुर्लभ भारतीय गिलहरियों और एक बंदर के अवैध शिकार के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब शिकार का एक वीडियो सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 15 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। घटना स्थल कोंटा विकासखंड के ग्राम गोलापल्ली बताया गया है। वायरल वीडियो की सूचना मिलने पर सुकमा वनमंडल की टीम एवं स्थानीय पुलिस ने तुरन्त संयुक्त कार्रवाई शुरू की। तलाशी व पूछताछ के बाद सातों आरोपियों मड़कम आनंद गोलापल्ली, सोड़ी बिच्चैया, माड़वी राजू, माड़वी चलपनी, सुकमा सोमैया सभी माड़ीगुड़ा, उईका इशाक लक्ष्मीपुरम तथा मल्लम चन्द्रा सिंगाराम को दबोचा गया।
शिकार का तरीका
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जंगल में निशाना लगाकर तीन विशाल भारतीय गिलहरियों और एक बंदर का शिकार किया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि शिकार किए गए जानवरों का मांस उन्होंने पकाकर खाया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग ने शिकार में उपयोग की गई एक भरमार बंदूक, दो हाई‑टेक गुलेल और वह मोबाइल फोन जब्त किया है जिस पर शिकार का वीडियो शूट किया गया था।




