अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 17 जून 2026
थाना कोतवाली के अंतर्गत हुई छेड़छाड़ व मारपीट के एक गंभीर मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से 5 आरोपी विधि से संघर्षरत नाबालिग बताये गए हैं। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट, डंडा, पत्थर और स्कूटी भी बरामद किया गया है।
पीड़िता ने 11 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 जून की रात लगभग 10:30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी पर गांधी चौक की ओर जा रही थी। मिशन अस्पताल के पास पहुंचने पर अतुल ताम्रकार और उसके साथियों ने रास्ता रोक कर पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की और उसकी लज्जा भंग की। जब पीड़िता के भाई ने विरोध किया तो अतुल, रोहित केडिया एवं अन्य साथियों ने मिलकर गाली-गलौज की और हाथ-पैर, बेल्ट, बांस के डंडे व पत्थरों से मारपीट की।
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर साइबर सेल और थाना कोतवाली की टीम ने आरोपियों का पता लगाया। लगातार छानबीन के बाद 05 विधि से संघर्षरत नाबालिगों सहित कुल 07 आरोपियों को पकड़ कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में अतुल ताम्रकार आत्मज बिरजू ताम्रकार, उम्र 21, निवासी केदारपुर, अंबिकापुर तथा रोहित केडिया आत्मज बसंत केडिया उम्र 22, निवासी केदारपुर, अंबिकापुर शामिल हैं। मामले में पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध संख्या 394/26 के तहत धाराएँ 296, 351(3), 115(2), 191(2), 126(2), 74, 75(2) व 78 बी.एन.एस. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। घटनात्मक साक्ष्य मिलने पर 05 नाबालिगों को माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा जबकि 02 बालिग आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस कर्मियों की भूमिका: मामले की त्वरित एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा, दीपक दास तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, अशोक यादव व अमन केरकेट्टा सक्रिय रहे।




