अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक
सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता डॉ. डीके सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार विरोधी कार्यों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उनका नाम हाल ही में लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। यह सम्मान यूनाइटेड किंगडम के डॉक्टर Ivangacina, यूरोपियन यूनियन हेड रिपब्लिक ऑफ क्रोएशिया तथा इंटरनेशनल चेयरमैन इंडिया अविनाश डी. सकुंदेया के द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया गया था, जिसमें डॉ. सोनी को सम्मान पत्र दिया गया। इस अवसर पर उनके समर्थक, सहयोगी अधिवक्ता तथा सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कार्यरत लोग मौजूद रहे और उन्होंने डॉ. सोनी के इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर खुशी व गर्व व्यक्त किया।
डॉ. डीके सोनी लंबे समय से न्याय में देरी, भ्रष्टाचार व समाज के संवेदनशील मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपनी संस्था सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस के माध्यम से आम जनता को त्वरित व सुलभ न्याय दिलाने हेतु लगातार प्रयास किए हैं। आरटीआई आवेदन और जनहित याचिकाओं के जरिए वे अनेक मामलों को उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचा चुके हैं और कई सफल कानूनी लड़ाइयां लड़ीं।
सूचना और दस्तावेजों के आधार पर डॉ. सोनी ने सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार व अनियमितताओं को उजागर करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके कार्यों के परिणामस्वरूप कई मामलों में संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कराए गए और प्रशासनिक कार्रवाई भी हुई है। उनके समर्थकों का कहना है कि उनके द्वारा की गई जांचों ने स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता बढ़ाने में मदद की है।
इस सम्मान के लिए देशभर से सामाजिक, कानूनी, व्यापार व उद्योग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया में आवेदनों व दस्तावेजों का सख्त सत्यापन किया गया। आदिवासी हितों, शासन हित व जनहित में विशेष योगदान के आधार पर डॉ. डी.के. सोनी को यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्रदान की गई।
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज किए जाने पर डॉ. सोनी ने कहा कि यह सम्मान उन्हें जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा तथा प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी समाजहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे और न्याय के त्वरित व निष्पक्ष प्रवाह के लिए सतत् प्रयासरत रहेंगे।




