नई दिल्ली।। खबरी गुल्लक ।।
कांग्रेस महासचिव और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने मंगलवार को कहा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि नेतृत्व परिवर्तन केवल मीडिया में उछली अटकलें हैं और पार्टी ने इस विषय पर कोई निर्णय नहीं लिया है। भूपेश बघेल ने यह बात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर पंजाब के हालात व चुनाव रणनीति पर हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से कही। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बघेल ने बताया कि बैठक में पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ, लेकिन प्रदेश नेतृत्व में किसी प्रकार की फेरबदल पर चर्चा नहीं हुई।
पंजाब सरकार पर हमला करते हुए बघेल ने कहा कि राज्य का सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने खुद को कट्टर ईमानदार बताना शुरू किया था, वे अब कट्टर बेईमान सरकार चला रहे हैं। भूपेश ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और सभी प्रदेश नेता मिलकर चुनावी लड़ाई लड़ेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वर्तमान पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाया जा रहा है, तो उन्होंने साफ़ कहा बिल्कुल नहीं।




