अम्बिकापुर। खबरी गुल्लक ।15 जून 2026
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा टीम ने 14 जून की रात्रि गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता पाई। थाना गांधीनगर अंतर्गत सरना मैदान से पकड़े गए एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से कुल 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनका कुल बाजार मूल्य लगभग दो लाख रुपए बताया गया। आरोपी वाहिद अंसारी निवासी थाना लुंड्रा को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) के तहत गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश नार्कोटिक्स, अम्बिकापुर के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी स्कूटी पर सवार था और संदिग्ध व्यवहार के कारण पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उसके काले पिठ्ठू बैग में रखी 100 पैकेटों में कुल 200 नशीले इंजेक्शन पाये गए। इस सफलता को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने टीम की सतत कार्रवाई का परिणाम बताया और कहा कि पिछले कई महीनों से चलाए जा रहे अभियान के चलते सरगुजा जिले में नशीले इंजेक्शन की बिक्री पर काफी हद तक रोक लगी है।
रंजीत गुप्ता ने बताया कि कई नशीले इंजेक्शन विक्रेता पहले ही जेल जा चुके हैं और जो बाहर हैं वे या तो अपना काम बंद कर चुके हैं या चोरी-छिपे काम कर रहे हैं, जिस कारण उन्हें पकड़ने में टीम को काफी मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी टीम द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के लिए महत्वपूर्ण सफलता है।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, रोहित सोनवानी और आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने टीम की तारीफ की और नागरिकों से अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री और आपूर्ति की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग या स्थानीय पुलिस को सूचित करें।




