अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक। 9/7/ 2026
कार्मेल स्कूल अंबिकापुर में आज शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में डे ऑफ फेलिसिटेशन का भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक अधीक्षक, भू-अभिलेख श्री प्रांजल गोयल उपस्थित रहे, जबकि अभिभावकों और विद्यालय परिवार की उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया। समारोह का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना था जिन्होंने अनुशासन, लगन और कठिन परिश्रम के बल पर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय ने इन उपलब्धियों को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनकी सराहना की।
प्राचार्या सि. रोशनी ने जताया आभार और दी शुभकामनाएँ
समारोह के स्वागत संबोधन में प्राचार्या सिस्टर रोशनी ने आमंत्रित अतिथियों एवं अभिभावकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, समर्पण और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उन्हें और उनके अभिभावकों को बधाई दी। सिस्टर रोशनी ने आने वाली बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इन सफल साथियों से प्रेरणा लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
विशिष्ट अतिथि ने दिया प्रेरक संदेश
समारोह के मुख्य अतिथि और विद्यालय के पूर्व छात्र प्रांजल गोयल ने विद्यार्थियों को अपने प्रेरणादायी सम्बोधन में लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट उद्देश्य, दृढ़ संकल्प और निरन्तर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। श्री गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि कोटा या भिलाई जैसे महंगे कोचिंग संस्थानों में पढ़ना सफलता का अनिवार्य मार्ग नहीं; संकल्प और लगन से कोई भी विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकता है।
श्री गोयल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्कृष्ट रैंक के साथ उत्तीर्ण की और पुनः दूसरी बार भी उल्लेखनीय रैंक अर्जित कर सफलता दोहरायी। अपने ही विद्यालय में विशिष्ट अतिथि के रूप में लौटने पर वे भावुक दिखे और कहा कि कार्मेल स्कूल ने उनके व्यक्तित्व का निर्माण किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों, अनुशासन और ईमानदारी के साथ जीवन जीने तथा उत्कृष्ट चरित्र के बल पर सच्चे कार्मेलाइट बनने का आह्वान किया।
पुरस्कार वितरण
समारोह के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान पट्टिका प्रदान की गयीँ। साथ ही पेसापालो प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की गयी। सभी पुरस्कार विजेताओं को उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गयीं।
प्रबंधक व शिक्षकों का आभार
समारोह के अंत में श्री गोयल ने विद्यालय प्रबंधन और समस्त शिक्षकों का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अपने ही अल्मा मेटर में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित होना उनके लिए गर्व और भावनात्मक संतोष का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सिस्टर विनिता, प्राचार्या सिस्टर रोशनी, उपप्राचार्या सिस्टर लीनस सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया।






