अच्छी खबर: लाइफ लाइन एक्सप्रेस फिर थमेगी बिश्रामपुर पर 15 अगस्त से 14 सितंबर तक एक महीने का मुफ्त स्वास्थ्य शिविर.. देखें कौन कौन सी मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, आपरेशन भी होगा

अच्छी खबर: लाइफ लाइन एक्सप्रेस फिर थमेगी बिश्रामपुर पर 15 अगस्त से 14 सितंबर तक एक महीने का मुफ्त स्वास्थ्य शिविर.. देखें कौन कौन सी मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, आपरेशन भी होगा

khabrigullak.com
By -
0

बिश्रामपुर। खबरी गुल्लक। 

इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित मशहूर अस्पताल ट्रेन लाइफ लाइन एक्सप्रेस इस बार फिर बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। छह डिब्बों वाली इस अत्याधुनिक चलती-फिरती अस्पताल ट्रेन का आगमन 14 अगस्त को होगा और 15 अगस्त से 14 सितंबर तक एक माह का विशेष मुफ्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।  

रेलवे मंडल कार्यालय (डीआरएम) की ओर से जारी अनुमति पत्र में बताया गया है कि ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक महीने के लिए ठहरने की सहमति दी गई है। शिविर के सुचारू संचालन के लिए रेलवे प्रशासन ने बिजली, पानी, बैटरी चार्जिंग, रैक की सुरक्षा, साफ-सफाई तथा भीड़ प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी है। ये अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर शिविर के संचालन में सहयोग करेंगे।  

शिविर में मिलने वाली प्रमुख स्वास्थ्य सुविधाएँ और सेवाएँ

-आंखों की सर्जरी (कैटलैक्ट एवं अन्य प्रासंगिक ऑपरेशंस)

-ईएनटी (कान-नाक-गला) संबंधित ऑपरेशन और उपचार

बच्चों की जन्मजात विकृतियों (पेडियाट्रिक सर्जरी) का निदान और शल्यक्रिया

 प्लास्टिक सर्जरी (पुनर्निर्माण व सौंदर्य सम्बन्धी आवश्यक प्रक्रियाएँ)

दंत चिकित्सा सेवाएँ

स्तन एवं सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की जांच, स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यक्रम

लाइफ लाइन एक्सप्रेस में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, डाइग्नोस्टिक उपकरण और आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध होते हैं, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएँ दी जा सकती हैं। बिश्रामपुर में अब तक यह ट्रेन करीब आधा दर्जन बार रुकी है और इन शिविरों का लाभ हजारों मरीजों ने उठाया है।   विशेषकर बिश्रामपुर, सूरजपुर और आसपास के जिलों के जरूरतमंद रोगियों को इस सेवा से तात्कालिक लाभ मिलने की उम्मीद है, क्योंकि शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों के परामर्श, जांच और सर्जरी सुविधाओं का मुफ्त या सस्ती दरों पर लाभ लिया जा सकेगा।  

स्थानीय प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे शिविर के लाभ उठाने के लिए समय पर पंजीकरण कराएं और जरूरी दस्तावेज़ व मेडिकल इतिहास साथ लेकर आएँ। अधिक जानकारी और पंजीकरण से संबंधित निर्देश जल्द ही जिला प्रशासन द्वारा जारी किए जाएंगे।  


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)