अंबिकापुर।खबरी गुल्लक।
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में संचालित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 8 वीं के एक छात्र को शिक्षिका द्वारा 200 बार अश्लील गाली लिखने और अभिभावक से हस्ताक्षर कराने दी गई शर्मनाक सजा से बवाल मच गया है। अभिभावकों के द्वारा संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। छात्र संगठनों ने भी इस मामले में कड़ी आपत्ति जताई है।
बताया जा रहा है कि यह सारा मामला दो विद्यार्थियों के बीच मामूली विवाद से शुरू हुआ। एक विद्यार्थी के द्वारा बिना आवाज केवल होंठ हिलाया गया था,दूसरे छात्र ने शिक्षिका से शिकायत कर दी अश्लील गाली की, फिर क्या था.. शिक्षिका तत्काल पहुंची और एक छात्र पर गाली देने का आरोप लगाते हुए कहा कि गाली 200 बार कॉपी में लिखो। कथित तौर पर शिक्षिका ने गाली का उच्चारण करते हुए कहा कि इस गाली को लिखना है। शिक्षिका द्वारा फटकार लगाते हुए यह सजा दिए जाने पर छात्र डर गया और कॉपी में अंग्रेजी में गाली को गिनती के साथ 100 बार लिखा, फिर शिक्षिका ने हिंदी भाषा में गाली लिखने के लिए कहा। छात्र ने जब गाली लिख लिया तब उससे कहा गया कि अब इसमें अपने पिता का हस्ताक्षर लेकर आना। इस तरह शिक्षिका की यह करतूत अभिभावक तक पहुंची। अभिभावक ने उसकी घोर निंदा करते हुए कहा कि शिक्षिका के द्वारा छात्र से गाली लिखवा कर रटवाया जा रहा है। शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में संबंधित स्कूल के प्रबंधन से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।
डीईओ ने दिए जांच के आदेश
इस मामले में डीईओ दिनेश कुमार झा के द्वारा जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि शिक्षिका ने ऐसा किया है तो यह काफी आपत्तिजनक है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। छात्र संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की है।




