जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का समापन ...सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने बालक बालिका वर्ग में मारी बाजी

जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का समापन ...सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने बालक बालिका वर्ग में मारी बाजी

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 

गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 का आज भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों की बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 12 टीमों ने भाग लिया और उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद चिंतामणि महाराज मौजूद रहे। समारोह में महापौर मंजूषा भगत, अभिषेक शर्मा प्रदेश सहसंयोजक, आर्थिक प्रकोष्ठ, सत्येंद्र नारायण सिंह जिला कार्य समिति सदस्य, भाजपा, निशांत सिंह गोल्डी प्रदेश कार्य समिति, किसान मोर्चा एवं बलिंदर सिंह छाबड़ा सहित अन्य गण्यमान्य अतिथि उपस्थित थे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेताओं को ट्रॉफी, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर उनकी उपलब्धि पर उन्हें सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

प्रतियोगिता परिणाम

-बालक वर्ग प्रथम  सरगुजा बास्केटबॉल क्लब,  द्वितीय  सरगुजा टाइगर्स, तृतीय  मॉन्टफोर्ट स्कूल।

बालिका वर्ग: प्रथम  सरगुजा बास्केटबॉल क्लब; द्वितीय  सरगुजा टाइटंस,  तृतीय  माउंट लिट्रा जी स्कूल।

खेल केवल मंत्रा नहीं, अनुशासन भी है सांसद चिंतामणि महाराज 

सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, खेल केवल मंत्रा नहीं है, यह अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का पाठ सिखाता है। आज आपने जो जोश और तकनीक दिखाई है, उससे स्पष्ट है कि सरगुजा में युवा प्रतिभा की कमी नहीं है। मैं स्थानीय प्रशासन और बास्केटबॉल संघ को निर्देश दूँगा कि इन खिलाड़ियों के आगे के प्रशिक्षण और बेहतर संसाधनों के लिए आवश्यक पहल की जाए ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन कर सकें। साथ ही खिलाड़ियों से मेरा अनुरोध है कि शिक्षा के साथ-साथ खेल पर भी बराबर ध्यान दें  यही आपके उज्जवल भविष्य की कुंजी है।

युवा पीढ़ी खेल के प्रति है समर्पित - महापौर मंजूषा भगत 

 महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि युवा पीढ़ी खेल के प्रति समर्पित है। खेल हमारी सामाजिक और शारीरिक प्रगति के लिए आवश्यक हैं। नगर निगम खेल सुविधाओं के विकास और स्कूलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। मैं माता-पिता, कोच और शिक्षकगण से अपील करती हूँ कि वे खिलाड़ियों को प्रेरित करें और उनके साथ खड़े रहें।"

 खेल से स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास- राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि नियमित प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान करती हैं, जिससे खेल कौशल, आत्मविश्वास तथा मानसिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ लगातार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। कोच ने युवा खिलाड़ियों से तकनीक पर काम करने और शारीरिक फिटनेस बनाए रखने का आह्वान भी किया।

आयोजन टीम यह रहे सक्रिय 

प्रतियोगिता के सफल आयोजन और संचालन में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, दीपेश सिंह, रिमझिम एवं अभिषेक ने निर्णायक एवं तकनीकी अधिकारियों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में आनंद धर दीवान, कृष्ण एक्का, रविंद्र सिंह, प्रकृति राय, आकाश कश्यप, कृष्णकांत, रिंकी सिंह और फैजल समेत अनेक खेल प्रेमी तथा अभिभावक उपस्थित रहे। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों, तकनीकी अधिकारियों तथा सहयोगियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)