अम्बिकापुर।।खबरी गुल्लक । 13/07/26।
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में लालची नौकर ने मालिक के मकान का देखरेख करने के बहाने अपने साथियों के साथ नगद रकम और जेवर सहित 5 लाख का सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद पड़ोसी और मकान मालिक को झूठी कहानी सुनाते हुए बताया कि रात में बदमाशों ने उसका हाथ पैर बांध चोरी की है। पुलिस ने संदेह के आधार पर नौकर ईश्वर यादव को पकड़ पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया।
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना गांधीनगर और साइबर सेल पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल सहित कुल 5,00,000 रूपये नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी सुभाष अग्रवाल, निवासी जवाहर मार्केट कॉलोनी, बनारस चौक, थाना गांधीनगर ने 12 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे और उनके परिवार के कुछ सदस्य 11 जुलाई को सतरंगा, कोरबा गए थे। घर पर छोड़े गए नौकर ईश्वर यादव को सोते हुए छोड़कर प्रार्थी परिवार बाहर गए थे। रात लगभग 3:30 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि ईश्वर यादव घबराकर उनके पास आया और बताया कि किसी ने रात में घर में घुसकर उसके हाथ-पैर कपड़े से बांध दिए थे, वह किसी तरह छूटकर पड़ोसी के पास पहुंचा।
जब परिवार वापस घर पहुँचा तो देखा कि घर की लाइट और इन्वर्टर बंद थे, कमरे का ताला टूटा हुआ था और आलमारी खुली मिली। प्रार्थी ने बताया कि तिजोरी में रखे सोने के आभूषण विवाह के समय कहीं अन्यत्र रखवा दिए गए थे और चोरी के समय जल्दबाजी के कारण वह ध्यान नहीं दे पाए; जांच में स्पष्ट हुआ कि केवल नगद राशि रु. 5,00,000 गायब थी। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध संख्या 437/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने थाना गांधीनगर और साइबर सेल को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी का विस्तृत बयान दर्ज किया। जांच के दौरान घर में काम करने वाले ईश्वर यादव, ड्राइवर और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की गई। पूछताछ में ईश्वर यादव और संदीप कुमार साहू ने स्वीकार किया कि वे तथा उनके साथी ड्राइवर अनुराग दास व एक विधि से संघर्षरत बालक मिलकर चोरी की योजना बना चुके थे। ईश्वर ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के खिलाफ पहले अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बंधक बनाए जाने का झूठा बयान दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के बताये स्थानों पर तलाशी ली। विधि से संघर्षरत बालक व आरोपी अनुराग दास के निशानदेही पर डाइट के पीछे बाउंड्री वॉल के पास एक झोले में नकद रु. 5,00,000 बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त होण्डा साईन मोटरसाइकिल क्रमांक CG/15/EB/0739 भी जब्त किया गया। अभियोजन योग्य साक्ष्य मिलने पर विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया और अन्य बालिग आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई
प्रकरण में धाराएँ 331(4), 305(A), 127(2) B.N.S. के अंतर्गत दर्ज की गई हैं। पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षी जयदीप सिंह, विकास सिन्हा, विकाश मिश्रा, मनीष सिंह, सुल्तान अहमद, विकास सिंह, राहुल सिंह, राहुल गुप्ता व रमन मण्डल सक्रिय रहे।




