सरगुजा संभाग के टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ ने संयुक्त संचालक शिक्षा को ज्ञापन सौंप पदोन्नति प्रकिया में एकरूपता, पारदर्शिता एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग...

सरगुजा संभाग के टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ ने संयुक्त संचालक शिक्षा को ज्ञापन सौंप पदोन्नति प्रकिया में एकरूपता, पारदर्शिता एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग...

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक ।14 जुलाई

छत्तीसगढ़ टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को संयुक्त संचालक शिक्षा सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर वर्तमान में चल रही पदोन्नति प्रक्रिया में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद  के दिशा-निर्देशों तथा विभागीय प्रावधानों का कड़ाई से पालन एवं विभाग द्वारा जारी समय-सारणी अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग की।

संघ ने ज्ञापन में कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा  पदोन्नति के लिए निर्धारित अनिवार्य योग्यता है। इसके बावजूद संभाग द्वारा अभी तक जो भी सहायक शिक्षक / शिक्षक / प्रधान पाठक  की वरिष्ठता जारी की गई उसमे टीईटी को दर्शाने वाले स्तम्भ को शामिल नहीं किया गया है, जिससे टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने इस संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2010 में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद  द्वारा जारी अधिसूचना तथा समय-समय पर जारी विभागीय निर्देशों के अनुरूप ही पदोन्नति प्रक्रिया संचालित की जानी चाहिए। साथ ही न्यायालयीन निर्देशों एवं शासन के आदेशों का पालन करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे पदोन्नति प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक से मांग की कि समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता, पारदर्शिता एवं वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। संगठन ने कहा कि यदि समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

संयुक्त संचालक कार्यालय ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)