अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
सरगुजा जिले में सर्प दंश से मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत निवासी बृहस्पत नगेशिया के दो मासूम पुत्र विकास नगेशिया 4 वर्ष और विक्रांत नगेशिया 3 वर्ष की भी सांप द्वारा डस लिए जाने से मौत हो गई। इसके अलावा जशपुर जिले की एक महिला की भी सर्प दंश से मौत हुई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक पिपरसोत निवासी बृहस्पत नगेशिया के दो पुत्र 2 जुलाई 2026 को घर पर खाट पर सोए थे,देर रात करीब 12 बजे दोनों को डंडा करैत सांप ने डस लिया। चीख सुन परिजन उठे और दोनों बालकों को जिला अस्पताल बलरामपुर में लेकर पहुंचे,जहां समुचित संसाधन नहीं होने से चिकित्सकों ने दोनों को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए विकास नगेशिया को मृत घोषित कर दिया,जबकि विक्रांत की गहन चिकित्सा इकाई में उपचार के दौरान मौत हो गई। सर्प दंश से दो सगे भाइयों की मौत होने से परिजनों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सर्प दंश के एक अन्य घटना में जशपुर के ग्राम डोकडा निवासी सेवेसतिया खेश 43 वर्ष की भी जमीन पर सोने के दौरान डंडा करैत सांप के डसने से मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर में मौत हो गई।
इसके पूर्व भी संभाग में इस सीजन में सर्प दंश से 10 से अधिक लोगों की मौत हुई है। सबसे चिंताजनक स्थिति बलरामपुर जिले की है। जहां दाखिल मरीज रेफर हो रहे हैं। बलरामपुर जिला अस्पताल रेफरल सेंटर बन गया है।




