टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों ने कहा नियमानुसार टेट उत्तीर्णता के आधार पर हो पदोन्नति ...15 अगस्त तक प्रक्रिया पूर्ण करने मांग ... वरिष्ठता सूची नहीं जारी होने पर आंदोलन की चेतावनी, जेडी शिक्षा को सौंपा ज्ञापन

टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों ने कहा नियमानुसार टेट उत्तीर्णता के आधार पर हो पदोन्नति ...15 अगस्त तक प्रक्रिया पूर्ण करने मांग ... वरिष्ठता सूची नहीं जारी होने पर आंदोलन की चेतावनी, जेडी शिक्षा को सौंपा ज्ञापन

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक। 12 अगस्त 2026 

 टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने आज सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक को पत्र भेजकर सहायक शिक्षक, शिक्षक और प्रधान पाठक के पदों पर नियमानुसार टेट उत्तीर्णता के आधार पर वरिष्ठता सूची जारी कर निर्धारित समयावधि में पदोन्नति पूरा करने की कड़े शब्दों में मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 15/08/2026 तक पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई तो शिक्षक आक्रोशित होकर उग्र आंदोलन कर सकते हैं। संघ के प्रदेश अध्यक्ष  राकेश मिश्रा ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार पदोन्नति प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूर्ण की जानी थी, परन्तु अभी तक संभागीय या जिला स्तर से टीईटी उत्तीर्णता जैसी आवश्यक योग्यता दर्शाने वाली कोई भी वरिष्ठता सूची प्रकाशित नहीं की गई है। इस कारण से पदोन्नति प्रक्रिया अनावश्यक रूप से विलंबित है और शिक्षक वर्ग में भारी नाराज़गी व्याप्त है। संघ के प्रदेश प्रवक्ता  नारायण प्रसाद देवांगन  ने भी मामले पर चिंता जताई। इस दौरान मन्नू राजवाड़े, दिव्यंक गुप्ता,राम चरित्तर राजवाड़े, लंकेश्वर भारती, आशाराम, भैयालाल सिंह, दिनेश गुप्ता, मुकेश त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।

संगठन की प्रमुख मांगें:

पदोन्नति प्रक्रिया में टीईटी उत्तीर्णता जैसी आवश्यक अहर्ता को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, पदोन्नति का क्रम ऊपर से नीचे के सिद्धांत पर लागू हो: प्रथम चरण में सहायक शिक्षक से शिक्षक की पदोन्नति पूर्ण की जाए, तत्पश्चात सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक (प्राथमिक) की पदोन्नति की जाए, ताकि अधिकतम सहायक शिक्षक लाभान्वित हो सकें,संभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएँ, 6 अगस्त 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के कारण जिन पदों पर रिक्तता हुई है, उन रिक्त पदों को भी पदोन्नति हेतु उपलब्ध रिक्त पदों की गणना में शामिल किया जाए। पदोन्नति हेतु रिक्त पदों की शाला-वार  जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई जाए। यदि जिला स्तर पर अलग-अलग तिथियों पर पदोन्नति की प्रक्रियाएँ आयोजित हो रही हैं, तो पेपर वरिष्ठता (पेपर-आधारित वरिष्ठता सूची) जारी की जाए ताकि किसी भी सहायक शिक्षक की आगामी पद पर वरिष्ठता प्रभावित न हो।

चेतावनी

संघ ने कहा कि तमाम पटकथा- पत्र संचार एवं मांगों के बावजूद यदि पदोन्नति की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं की जाती है तो वे संवैधानिक और शांतिपूर्ण लेकिन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। संघ ने संभागीय और जिला अधिकारियों से अपील की है कि वे शीघ्रतापूर्वक वरिष्ठता सूचियाँ प्रकाशित करें तथा पदोन्नति सम्बन्धी पारदर्शिता सुनिश्चित करें, ताकि शिक्षकों का भविष्य प्रभावित न हो और शैक्षिक कार्य व्यवस्थित रूप से जारी रह सके।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)