जयपुर।खबरी गुल्लक
साइबर ठग आए दिन न सिर्फ आमजन नहीं बल्कि पुलिस महकमे को भी चौंका रहे हैं। इनके शिकार होने वालों में न सिर्फ शिक्षक,वकील,डाक्टर, व्यवसायी बल्कि अब जिला जज का भी नाम जुड़ गया है। जयपुर के एक 90 वर्षीय सेवा निवृत्त जिला जज को सायबर ठगों ने हवाला लेनदेन का झांसा देकर करीब 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट कर ढाई करोड़ रुपए ठग लिये। साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी, आरबीआई मैनेजर बताया और गिरफ्तारी का भय दिखाते हुए वीडियो कॉल के माध्यम से घर पर ही कैद कर वारदात को अंजाम दिया।
इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर के सी-54, लालकोठी स्कीम निवासी 90 वर्षीय गणपत सिंह भंडारी ठगी के शिकार हुए। वे जिला जज से रिटायर हुए हैं। साइबर ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि मुंबई में 50 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ है और इस मामले में उनके एसबीआई खाते में 40 लाख रुपये आए हैं। उन्हें धमकाया गया कि अगर उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया तो उन्हें गिरफ्तार कर मुंबई ले जाएंगे। कॉल करने वाले व्यक्ति पुलिस अधिकारी की वर्दी में था। खुद को मुंबई से सीबीआई अधिकारी बताया। यह धमकी दी गई कि डिजिटल जांच होने तक परिवार के किसी सदस्य को इसकी जानकारी नहीं देना, गिरफ्तारी, बदनामी के भय की भावना से घिरे रहे। लगातार वीडियो कॉल के जरिए संपर्क रखा गया। इस तरह भयभीत कर अलग अलग बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर कराए गए।




