अंबिकापुर। खबरी गुल्लक
अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ अंबिकापुर के सभागार भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। वर्ष 2025-26 में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सरगुजा जिले के 425 विद्यालयों के लगभग 11,000 छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति एवं जीवनोपयोगी आदर्शों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।
समारोह में परीक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही परीक्षा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न विकासखंडों एवं तहसील क्षेत्रों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर डीईओ डॉ दिनेश झा, विकासखंड लुंड्रा सहायक शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश गुप्ता, गायत्री परिवार के उपजोंन समन्वयक एसजे द्विवेदी , गायत्री शक्तिपीठ मुख्य ट्रस्टी शशि सिंह, विद्यालयों के शिक्षकगण, गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
डीईओ सहित अन्य अतिथियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति, श्रेष्ठ जीवन-मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों में बचपन से ही संस्कार, अनुशासन, सदाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होने से समाज और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होगा। गायत्री परिवार की ओर से परीक्षा में सहभागी सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया गया।







