उज्जवल हसदेव- उन्नत सरगुजा संस्था द्वारा सितकालो में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगा 41 मरीजों का किया उपचार... दवाइयां भी बांटी

उज्जवल हसदेव- उन्नत सरगुजा संस्था द्वारा सितकालो में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगा 41 मरीजों का किया उपचार... दवाइयां भी बांटी

khabrigullak.com
By -
0

 

उदयपुर। खबरी गुल्लक।

उज्जवल हसदेव-उन्नत सरगुजा, समाज सेवी संस्था, अंबिकापुर द्वारा माता राजमोहिनी देवी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के आदिवासी बहुल ग्राम सितकालो में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर धवईपानी पहाड़ से लगे कोरवा एवं मझवार समुदाय के ग्रामीणों के लिए आयोजित इस शिविर में डॉ. देवेन्द्र कुमार पांडेय एवं उनकी मेडिकल टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया। शिविर के दौरान मलेरिया एवं अन्य संक्रामक रोगों की पहचान के लिए रक्त जांच, साथ ही बीपी एवं शुगर की जांच कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया। संस्था की टीम ने प्राथमिक शाला सितकालो के विद्यार्थियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। बच्चों को बिस्किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

शिविर में कुल 41 मरीजों का पंजीयन हुआ, जिनमें महिलाओं एवं पुरुषों की संख्या लगभग समान रही। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए पहाड़ी कोरवा बस्ती मतरिंगा में भी इसी प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। संस्था के अध्यक्ष श्री संतोष दास ने शीघ्र ही वहां भी स्वास्थ्य शिविर लगाने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सरपंच  संतोष मझवार, सरपंच श्रीमती कुसमिला, ग्राम सचिव  बलदेव पैकरा सहित संस्था के कोषाध्यक्ष सतीश दास, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश गोयन, मिथिलेश मरावी, शांतनु दास, दीनानाथ यादव, सुजीत सिंह, संगीता रवि, कुंती राठिया, सत्य नारायण, सुगंती, स्वास्थ्य मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। संस्था ने भविष्य में भी दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)