मैढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी सोनी समाज, बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित भावनाओं से मुक्ति और मानसिक तनाव कम करने की कला शीर्षक वाली ओरिएंटेशन वर्कशॉप का सफल आयोजन हाल ही में शहर में संपन्न हुआ। तीन घंटे चले इस इंटरएक्टिव सत्र ने समाज के सदस्यों तथा अन्य उपस्थित हितग्राहियों से अभूतपूर्व प्रतिसाद पाया। कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक भवानी शंकर रहे, जिनके पास भावनात्मक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों का व्यावहारिक अनुभव है। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को भावनात्मक संतुलन बनाए रखने, तनाव कम करने तथा जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से जीने की व्यावहारिक तकनीकों से अवगत कराना था। भवानी शंकर ने विज्ञान और आध्यात्म के समन्वय पर आधारित सरल, लाभप्रद अभ्यास एवं मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण साझा किए। उन्होंने सत्र में शामिल गतिविधियाँ, श्वसन अभ्यास, चेतना परक मैडिटेशन और भावनाओं को पहचान कर उन्हें स्वस्थ तरीके से व्यक्त करने के व्यावहारिक उपाय उपस्थित किए। कार्यशाला में समाज के अनेक सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हुए और अनुभव- साझाकरण की पारंपरिक परिपाटी के अनुरूप अपने व्यक्तिगत अनुभव बताए। प्रतिभागियों ने बताया कि कार्यशाला से उन्हें मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा आत्मविश्वास की प्राप्ति हुई। कई लोगों ने कहा कि वे इन तकनीकों को अपने पारिवारिक एवं व्यावसायिक जीवन में भी लागू करेंगे। उपस्थितों ने विशेषकर यह अनुभव साझा किया कि कार्यशाला ने उन्हें भावनाओं को समझने और नियंत्रित करने की नई दृष्टि दी, जिससे रिश्तों में सुधार तथा जीवन हेतु स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण संभव होगा। कार्यक्रम के दौरान मानसिक तनाव और भावनात्मक बोझ में कमी, आंतरिक शांति का प्रत्यक्ष अनुभव, भावनाओं को समझने और संतुलित रखने की नई समझ, मानसिक स्पष्टता और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि, रिश्तों को बेहतर बनाने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास का गुर प्राप्त किया गया।
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने भवानी शंकर के मार्गदर्शन की खुलकर प्रशंसा की और उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि भविष्य में भी ऐसे व्यक्तित्व विकास और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएँ। समाज के अध्यक्ष सजन सोनी ने कहा कि जीण सेना एवं समाज के सभी सदस्य मिलकर आने वाले दिनों में भी जनहितकारी, व्यक्तित्व विकास एवं सामुदायिक सहयोग को बढ़ाने वाले कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करेंगे। उनका उद्देश्य समाज में एकता, संगठन तथा आपसी सहयोग की भावना को और मज़बूत करना है। श्री सोनी ने विशेषकर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और सकारात्मक भागीदारी ही समाज को मजबूती और प्रगति की राह पर आगे बढ़ाएगी। मैढ़ क्षत्रिय मारवाड़ी सोनी समाज, बिलासपुर ने इस सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी गणमान्य सदस्यों, प्रशिक्षक और प्रतिभागियों का धन्यवाद व्यक्त किया। समाज ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रेरणादायक एवं जनहितकारी कार्यक्रम समाज के समग्र विकास हेतु आयोजित होते रहेंगे।





