नाली, गंदगी से निकल कॉकरोच और कीड़ों की होटल के मिठाइयों में घुसपैठ, चार प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित.. 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

नाली, गंदगी से निकल कॉकरोच और कीड़ों की होटल के मिठाइयों में घुसपैठ, चार प्रतिष्ठानों का लाइसेंस निलंबित.. 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

khabrigullak.com
By -
0

रायपुर।खबरी गुल्लक। 

दशहरा और दीपावली से पहले राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका क्षेत्र की चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जहां मिठाइयों व खाद्य पदार्थों में कीड़े और कॉकरोच मिलने के बाद सभी के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। व्यवस्था सुधरने तक इन दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। काकरोच सड़क, नाली से निकलकर मिठाई तक पहुंच गए। 

 कहां-कहां मिली गंदगी

खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी,  पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। जांच में दुकानों की सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। मिठाइयों पर मरे हुए कॉकरोच, कीड़े और बाल पाए गए, जबकि चाशनी में फफूंद व जाले देखे गए।

 150 किलो मिठाई नष्ट

स्वास्थ्य को खतरा हो सकने वाली स्थिति पाए जाने पर विभाग ने मौके पर ही लगभग 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाई और 10 किलोग्राम पनीर नष्ट करवाया। इसके साथ ही चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए और संचालकों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए।

 12 से अधिक नमूने लैब में

निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 से अधिक नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यदि रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

 विभाग की चेतावनी

खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के मौसम में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)