अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के आबकारी आयुक्त के सख्त निर्देशों के बाद संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने जिले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम गेतरा थाना सूरजपुर में छापेमारी कर 22 लीटर मध्य प्रदेश की विदेशी शराब एवं महुआ शराब जब्त की और एक आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम जिला सूरजपुर में गश्त पर थी। इस दौरान ग्राम गेतरा पहुँचने पर मुखबिर ने सूचना दी कि गांव निवासी सुरेश पोर्ते बड़ी मात्रा में महुआ शराब बनाकर बेचता है। सूचना की विश्वसनीयता के आधार पर टीम ने तत्काल सुरेश पोर्ते के घर पर दबिश दी। घर पर मौजूद सुरेश पोर्ते की तलाशी में 39 पाव मध्य प्रदेश राज्य की गोवा व्हिस्की तथा 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। कुल 22 लीटर विदेशी एवं महुआ शराब को जब्त किया गया।
आरोपी जेल भेजा गया
आबकारी विभाग ने आरोपी सुरेश पोर्ते के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 36 एवं 59(1) के तहत कार्रवाई की। उसे आज ही माननीय न्यायालय सूरजपुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया। पूछताछ में सुरेश पोर्ते ने अपने मेमोरेंडम में स्वीकार किया कि उसके घर से बरामद 15 लीटर महुआ शराब उसकी है, लेकिन 39 पाव गोवा व्हिस्की उसकी नहीं बल्कि उसके पड़ोसी प्रताप पोर्ते पिता चंद्रशेखर पोर्ते की है, जिसने उसे उसके घर रखा था।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
विभाग ने दूसरे आरोपी प्रताप पोर्ते की खोजबीन शुरू की, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक अनिल गुप्ता द्वारा की गई। टीम में आबकारी आरक्षक अशोक सोनी एवं श्याम सुंदर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




