मैनपाट में शासकीय भूमि का फर्जीवाड़ा .. आरोपी कापू से हुआ गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश जारी

मैनपाट में शासकीय भूमि का फर्जीवाड़ा .. आरोपी कापू से हुआ गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश जारी

khabrigullak.com
By -
0

 

मैनपाट। महेश यादव।  31 अक्टूबर 2026। 

थाना कमलेश्वरपुर एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त पुलिस टीम ने शासकीय भूमि को फर्जी तरीके से निजी भूमि बताकर बिक्री करने के मामले में आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी उमेशवर सिंह ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि के बाद कूटरचना की गई है। जांच में सामने आया कि बंदोबस्त वर्ष 1995-96 में भी यह भूमि छोटे झाड़ जंगल मद में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज थी। जांच के अनुसार, वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 को निजी भूमि के रूप में दर्ज करने की प्रविष्टि फर्जी तरीके से तैयार की गई थी। इस कूटरचना के मामले में तुलेश्वर गुप्ता सहित अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाई गई। विवेचना में आरोपी तुलेश्वर गुप्ता की संलिप्तता पाए जाने पर उसे पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना परिचय तुलेश्वर गुप्ता पिता गणेश गुप्ता 50 वर्ष, निवासी ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ के रूप में दिया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

 दर्ज हुआ मामला

इस प्रकरण में थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 82/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। ये धाराएं धोखाधड़ी, दस्तावेजों में कूटरचना और साझा आपराधिक षड्यंत्र से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के दिन से फरार हैं। फरार आरोपियों को पकड़ने और पूरे षड्यंत्र की परतें खोलने के लिए अग्रिम जांच-विवेचना जारी है।

 यह रहे सक्रिय

 कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक, विजय रवि एवं राजीव कुजूर, आरक्षक सूरज राठिया तथा साइबर सेल अंबिकापुर की टीम सक्रिय रही।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)