अंबिकापुर। खबरी गुल्लक
सरगुजा संभाग के बलरामपुर और सूरजपुर जिलों के सीमावर्ती गांवों में ‘कबरा नाम से जाने जाने वाले हाथी का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पिछले छह महीनों में इसी हाथी के हमलों में करीब 12 लोगों की जान जा चुकी है, फिर भी वन विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस, समयबद्ध और स्थायी समाधान सामने नहीं आया है। लगातार हो रही जनहानि ने वन विभाग की तैयारी, निगरानी व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने कहा कि हाथी प्रभावित गांवों के लोग हर वक्त मौत के साए में जीने को मजबूर हैं। खेतों में जाना, जंगल के रास्तों से गुजरना और शाम के बाद घर से बाहर निकलना तक अब जानलेवा जोखिम बन गया है। इसके बावजूद वन विभाग की कार्रवाई प्रभावी न होकर अधिकतर निगरानी, चेतावनी और कागजी प्रक्रियाओं तक सीमित लग रही है।
वन विभाग पर सवाल
परवेज आलम गांधी ने पूछा कि जब वन विभाग को हाथी की लगातार आक्रामकता और खतरनाक व्यवहार की जानकारी है, तो समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए? उन्होंने कहा कि विभाग की जिम्मेदारी केवल हाथी की लोकेशन बताना, घटना के बाद मौके पर पहुंचना और पीड़ित परिवारों को मुआवजे की प्रक्रिया में लगाना नहीं है, लोगों की जान बचाना उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही मौतों के बाद भी यदि प्रशासनिक व्यवस्था नहीं जागती, तो यह अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार किसी और बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रही है?
यह है मांगे
कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने राज्य सरकार और वन मंत्री से निम्न कदम तुरंत उठाने की मांग कि
- हाथी प्रबंधन के लिए वन्यजीव विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम गठित की जाए और वैज्ञानिक रणनीति बनाई जाए।
- हाथी की रेडियो कॉलरिंग कर उसकी आवाजाही की वास्तविक समय की निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- विशेषज्ञों की सलाह पर हाथी के सुरक्षित स्थानांतरण, पुनर्वास या अन्य उपयुक्त प्रबंधन विकल्प पर तत्काल निर्णय लिया जाए।
- प्रभावित गांवों में प्रभावी अलर्ट सिस्टम, प्रशिक्षित वनकर्मियों की तैनाती और नियमित गश्त शुरू की जाए।
- ग्रामीणों को समय पर सटीक जानकारी देने और उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
- पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
परवेज आलम गांधी ने कहा कि 12 मौतें महज आंकड़े नहीं हैं; ये 12 परिवारों की उजड़ी दुनिया हैं। सरकार को आश्वासन और कागजी कार्रवाई से आगे बढ़कर तत्काल कार्रवाई करनी होगी, इससे पहले कि किसी और घर का चिराग बुझ जाए।




