बलरामपुर।खबरी गुल्लक
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलरामपुर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग अंबिकापुर द्वारा आदेश क्रमांक 2488/स्था-02/2026-27, दिनांक 19 अगस्त 2026 के माध्यम से तीन दिन के भीतर सभी मंडल संयोजकों को उनकी मूल पदस्थापना में वापस भेजने तथा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। लेकिन आदेश जारी होने के दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो संबंधित शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों में भेजा गया और न ही डीईओ कार्यालय द्वारा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। इस संबंध में बलरामपुर डीईओ से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।
आदेश में स्पष्ट उल्लेख था कि संचालक लोक शिक्षण, रायपुर के दिनांक 17 जुलाई 2026 के आदेश के बाद भी शिक्षकों से मंडल संयोजक का कार्य लिया जाना निंदनीय है। इसके बावजूद जिले में मंडल संयोजकों की नियुक्ति जारी रही और उन्हें उनके मूल विद्यालयों में वापस नहीं भेजा गया। इसे शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेश की सीधी अवमानना माना जा रहा है।
एकल शिक्षकीय विद्यालयों पर संकट
जमीनी हकीकत और भी चिंताजनक है। जिले में जिन विद्यालयों से मंडल संयोजक बनाए गए हैं, उनमें अधिकतर विद्यालय एकल शिक्षकीय हैं। ऐसे विद्यालयों में प्रधान पाठक अथवा सहायक शिक्षक के मंडल संयोजक के रूप में लगाए जाने से शाला का पूरा संचालन एक ही शिक्षक पर टिक गया है। बच्चों की पढ़ाई, मध्याह्न भोजन योजना और शाला प्रबंधन सभी प्रभावित हो रहे हैं।
एक प्रधान पाठक को दो ब्लॉकों का प्रभार
सबसे बड़ा नियम उल्लंघन संतोष सिंह के मामले में सामने आया है। विकासखंड बलरामपुर में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत श्री सिंह को अपने मूल विकासखंड से बाहर विकासखंड शंकरगढ़ तथा विकासखंड राजपुर दोनों ब्लॉकों के मंडल संयोजक का प्रभार दिया गया है। इससे उनका मूल विद्यालय प्रधान पाठक विहीन हो गया है, जबकि प्रधान पाठक का मुख्य दायित्व अपने विद्यालय में उपस्थित रहकर अध्यापन, शाला संचालन एवं मध्याह्न भोजन की निगरानी करना है।
राजनीतिक प्रभाव के आरोप
पालकों एवं शिक्षकों का आरोप है कि कुछ मंडल संयोजकों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इनमें राम प्रकाश जायसवाल का नाम प्रमुख है, जिन्हें बलरामपुर का मंडल संयोजक बनाए रखा गया है। इसी प्रकार कुसमी में प्रदीप गुप्ता, रामचंद्रपुर में बूटन यादव तथा वाड्रफनगर में हॉस्टल अधीक्षक को मंडल संयोजक का प्रभार दिए जाने की बात कही जा रही है। इन सभी के मूल विद्यालय एकल शिक्षकीय हो गए हैं, जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा संकट में पड़ गई है।
कार्रवाई की बाट जोह रहा जिला
पालकों और शिक्षक समुदाय का कहना है कि जिला शिक्षा अधिकारी जानबूझकर इन प्रकरणों में कार्रवाई से परहेज कर रहे हैं, क्योंकि कई संबंधित व्यक्ति जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदार अथवा करीबी बताए जाते हैं। अब देखना होगा कि उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन डीईओ कार्यालय करता है या फिर यह आदेश भी राजनीतिक दबाव में फाइलों में दबकर रह जाता है।





