श्री बंशीधर नगर में 1280 किलो सोने से बनी बाबा श्री बंशीधर की भव्य प्रतिमा, धौरपुर पैलेस के युवा पीढ़ी आदित्य सिंहदेव ने मंदिर में दर्शन कर नगर उंटारी राज परिवार के मुखिया से की आत्मीय भेंट

श्री बंशीधर नगर में 1280 किलो सोने से बनी बाबा श्री बंशीधर की भव्य प्रतिमा, धौरपुर पैलेस के युवा पीढ़ी आदित्य सिंहदेव ने मंदिर में दर्शन कर नगर उंटारी राज परिवार के मुखिया से की आत्मीय भेंट

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक 

श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) गढ़वा  झारखंड के गढ़वा जिले के ऐतिहासिक श्री बंशीधर राधिका जी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के अलौकिक दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां विराजमान बाबा श्री बंशीधर की प्रतिमा 32 मन यानी लगभग 1280 किलोग्राम शुद्ध सोने की मानी जाती है, जो इस मंदिर को देश-विदेश में विशेष पहचान देती है।

नगर उंटारी, जिसे अब श्री बंशीधर नगर के नाम से जाना जाता है।  झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र में बांकी नदी के किनारे बसा है। यह मंदिर नगर उंटारी के राज परिवार का आराध्य स्थल है। राजपरिवार इनकी पूजा अर्चना कुल देवता के रूप में करता है। बाबा श्री बंशीधर यहां के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं।

धौरपुर पैलेस के युवा पीढ़ी आदित्य सिंहदेव ने नगर उंटारी राज परिवार से की भेंट

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर पैलेस के युवा पीढ़ी आदित्य सिंहदेव की मंदिर परिसर में नगर उंटारी राज परिवार के मुखिया (भैया साहब) राजेश प्रताप देव से मुलाकात हुई। इस अवसर पर सरगुजा जिले के धौरपुर पैलेस के युवा पीढ़ी  आदित्य सिंह देव ने बाबा श्री बंशीधर के दर्शन किए और मंदिर की ऐतिहासिक विरासत को लेकर चर्चा की। दोनों परिवारों के बीच आस्था, संस्कृति और क्षेत्रीय इतिहास को लेकर आत्मीय बातचीत हुई।राजेश प्रताप देव ने मंदिर के संरक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और इस धार्मिक धरोहर की महत्ता पर बात की। आदित्य सिंह देव ने बाबा श्री बंशीधर और राधिका जी के दर्शन कर आस्था का अनुभव साझा किया। राज परिवार के मुखिया भैया साहब मंदिर समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं।

 दो सौ वर्ष पुरानी ऐतिहासिक परंपरा

मान्यता के अनुसार, यह प्रतिमा लगभग 200 वर्ष पुरानी है। कहा जाता है कि नगर उंटारी रियासत की राजमाता शिवमाणी कुंवर को स्वप्न में भगवान श्री कृष्ण ने दर्शन दिए और शिवपहाड़ी से अपनी प्रतिमा निकालकर स्थापित करने का आदेश दिया। उस स्थान पर खुदाई के बाद भगवान की प्रतिमा प्राप्त हुई। एक अन्य लोककथा के अनुसार, प्रतिमा को हाथी पर बिठाकर नगर उंटारी लाया गया, लेकिन वर्तमान मंदिर स्थल पर पहुंचकर हाथी आगे नहीं बढ़ा। इसे भगवान की इच्छा मानकर वहीं मंदिर का निर्माण कराया गया और प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई।

 सोने की अद्भुत प्रतिमा

मंदिर के गर्भगृह में बांसुरी धारण किए भगवान श्री कृष्ण की लगभग साढ़े चार फीट ऊंची स्वर्ण प्रतिमा विराजमान है। इसके साथ वाराणसी से मंगाई गई अष्टधातु निर्मित मां राधिका की प्रतिमा स्थापित है। श्रद्धालु इसे दुर्लभ और अद्वितीय स्वर्ण प्रतिमा मानते हैं।मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई मनोकामना पूर्ण होती है। जन्माष्टमी पर यहां विशाल उत्सव होता है और हजारों भक्त दर्शन के लिए उमड़ते हैं।

 आस्था और पर्यटन का केंद्र

श्री बंशीधर मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थल है। राज परिवार के संरक्षण में यह मंदिर ऐतिहासिक धरोहर के रूप में संजोया जाता है। इस अवसर पर भक्तों ने जय बाबा श्री बंशीधर राधिका जी के जयकारे लगाए। मंदिर परिसर में विराजमान बाबा के दिव्य दर्शन ने उपस्थित श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का संचार किया।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)