अंबिकापुर। सरगुजा जिले के विकासखंड लखनपुर निवासी दो महिलाओं के द्वारा करीब 8 वर्ष पूर्व ट्रेक्टर दुर्घटना में उनके पतियों की मौत होने के मामले में न्यायालय के आदेश के बाद भी ट्रेक्टर मालिक की संपत्ति कुर्क कर पारित राशि का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगा आज मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर इच्छा मृत्यु की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि लखनपुर के ग्राम पोड़ी निवासी पनमेश्वरी राजवाड़े के पति हवन साय राजवाड़े और ललिता राजवाड़े के पति श्रीचंद राजवाड़े घटना दिवस 3 अप्रैल 2014 को नवरत्न के ट्रेक्टर में सवार हो मजदूर के तौर पर बिजली खंभा ढोने गए थे. ट्रेक्टर चालक के पास लाइसेंस नहीं था। लौटते समय ट्रेक्टर पलट गई थी, जिससे उसमे लोड बिजली खंभे से दब जाने से हवन साय और श्रीचंद की मौत हो गई थी। इस मामले में चालक के पास लाइसेंस नहीं होने के कारण दोनो बेवाओं को बीमा राशि नही मिल पाई थी। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय के द्वारा 23 जून 2022 को दिए गए फैसले में कहा गया था कि दोनो महिलाओं को क्रमशः लगभग 5 लाख 90 हजार रुपए और 6 लाख 47 हजार रुपए का भुगतान ट्रेक्टर मालिक की संपत्ति कुर्क कर बिक्री करते हुए करने की व्यवस्था बनाई जाए, मगर इस आदेश के जारी हुए एक साल गुजर जाने के बाद भी दोनो महिलाओं को यह राशि नही मिल सका है। पतियों की मौत होने पर उन्हें बच्चों के लालन पालन में परेशानी हो रही है जिससे वे परेशान होकर मृत्यु की मांग कर रहे हैं।




