अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र में एक भाई ने अपनी बहन के हिस्से की पैतृक भूमि को बेचने के लिए न सिर्फ अपराधिक षड्यंत्र रचा बल्कि किसी और महिला को अपनी बहन बता दिया, इस साजिश के सहारे भाई कामयाब हो गया जमीन बेचने में, और जब पोल खुली तो पहुंच गया जेल। धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस ने फर्जी बहन ( विक्रेता), व गवाह को भी आरोपी बना गिरफ्तार किया है। एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि ग्राम तराजू देवलापारा निवासी सावित्री राजवाड़े के द्वारा यह शिकायत लखनपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी भाई मुन्ना राजवाड़े, फर्जी विक्रेता श्याम बाई, गवाह अंतोष कुमार को धारा 419, 420, 466, 467, 468, 471, 120 बी के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्यवाही में थाना प्रभारी और प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी चिराग जैन, एएसआई अरुण गुप्ता, आरक्षक बंदे केरकेट्टा, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, जानकी राजवाड़े शामिल थे।




