अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के नशे के अवैध कारोबार के लिए बदनाम क्षेत्र देवान तालाब मोहल्ले में गुरुवार की देर रात कथित रूप से गांजा खरीदने पहुंचे एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गांजा कारोबारियों के द्वारा ही उसके ऊपर हमला किया गया। संदेहियों के पुलिस गिरफ्त से बाहर होने और घायल युवक के अचेत होने से हालांकि हमले के कारणों की पुलिस पुष्टि नहीं कर पाई है। मोहल्ले वालों के कहना है कि यह गांजा के खरीद बिक्री से जुड़ा मामला है। युवक के ऊपर गांजा बेचने वालों ने हमला किया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात करीब 11 बजे उक्त वारदात हुई। खबर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विदित हो कि कार्यवाई के नाम पर छोटे ओर बाहरी कारोबारियों की ही पुलिस धर पकड़ करती है, जबकि शहर के इन इलाकों में कार्यवाई नही होती।करीब 10 साल पहले पुलिस ने कई दिनों तक अभियान चला इन इलाकों की सूची बनाते हुए नशा के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई की थी, उस दौरान अवैध कारोबारियों के मन में पुलिस का खौफ भी था, मगर लंबे समय से ऐसी कार्यवाई दोबारा नहीं हुई है। नागरिकों के द्वारा पुलिस प्रशासन से इस ओर नियमित कार्यवाई की मांग की है।
लम्बे समय से चल रहा कारोबार
सत्तीपारा देवान तालाब मोहल्ले के रहवासियों का कहना है कि शहर के इस इलाके में लंबे समय से गांजा, ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है। यहां दिन भर घर के सामने बैठे अधिकांश लोग जिसमें महिलाएं और युवतियां भी शामिल हैं जो नशीला पदार्थ बेचते हैं। देर रात तक बदमाशों, नशेड़ियों का आना जाना बना रहता है। यहां आए दिन विवाद और हुल्लड़ की स्तिथि बन रही है। आधा दर्जन से अधिक नशे के कारोबारियों के कारण पूरे मोहल्ले के लोगों को न सिर्फ फजीहतों का सामना करना पड़ता है बल्कि महिलाएं, युवतियां गंभीर घटना की आशंका से डरी रहती हैं। इन घटनाओं से मोहल्ले वालों का सब्र का बांध भी टूट रहा है,जो कभी भी सड़क पर दिख सकता है..।
कतिपय पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध
देवान तालाब मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उनके मोहल्ले में कतिपय पुलिस वालों का आना जाना बना रहता है, जिनकी गतिविधि संदिग्ध है। इस इलाके में जो नशा का कारोबार कर रहे हैं उनसे वे मिलते हैं, हंसी मजाक करने के बाद जेब को सहलाते हल्की मुस्कान लिए चले जाते हैं। मोहल्ले वालों का कहना है कि इसी गठजोड़ के चलते युवा पीढ़ी को गर्त में धकेलने वाला कारोबार बेखौफ चल रहा है। रहवासियों का यह भी कहना है कि यदि पुलिस अधिकारी इसे संज्ञान में लेकर मोहल्ले के लोगों से पूछताछ कर कथित संदिग्ध गतिविधि वाले विभाग के लोगों की सूची बना उनके मोबाइल के कॉल डिटेल अथवा अन्य माध्यम से जांच की जाय तो उनका यह आरोप स्पष्ट हो जाएगा।
मेरे संज्ञान में है मामला, होगी कार्यवाई - सीएसपी



