अंबिकापुर/सूरजपुर । शादी के 24 घंटे पूर्व सूरजपुर के एक होटल में युवक द्वारा सुसाइड नोट लिख आत्महत्या कर लिए जाने के मामले में पुलिस हर पहलुओं पर बारीकी से अध्ययन करते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस मामले को रुपए लेनदेन विवाद और प्रताड़ना से जोड़कर देख रही है। हालांकि पुलिस के द्वारा इस संबंध में विस्तृत जानकारी नही दी गई है, मगर अपराध पंजीबद्ध करने के संकेत जरूर दिए हैं। इस मामले में युवक द्वारा आत्महत्या करने का कारण क्या था, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है। ज्ञात हो कि सूरजपुर के नेहरूपार्क मोहल्ला निवासी हंस राज अग्रवाल उर्फ हँसू की आज 29 जून को शादी होने वाली थी, एक दिन पूर्व 28 जून को वह शौच करने के नाम से घर से बाहर निकला था और वापस नहीं लौटा, काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसके दोस्तों से संपर्क किया तो पता चला कि उसके द्वारा सूरजपुर के होटल आदित्य में बैठक के नाम पर एक कमरा बुक किया गया है। इस खबर पर परिजन फौरन होटल पहुंचे और दरवाजा खोलने आवाज लगाई, मगर भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। किसी प्रकार दरवाजा खोला गया तो फांसी पर झूलती उसकी लाश मिली, यह नजारा देख परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बेड में डायरी और एक पिस्टल बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक डायरी में मृतक के द्वारा सुसाइड नोट लिख नीचे हस्ताक्षर भी किया गया है।
दो परिवारों में पसरा मातम
हंसराज अग्रवाल की शादी को लेकर परिवार में खुशियां थी। बेटे की हल्दी रस्म के साथ धूमधाम से बारात निकालने की तैयारी की जा रही थी। इसी प्रकार अंबिकापुर में वधु पक्ष भी विवाह की तैयारियां कर रहा था, मगर क्रूर नियति को दोनो परिवार की खुशियां स्वीकार नहीं हुई और हंसराज के सुसाइड के साथ इन दोनों परिवारों में मातम पसर गया। दोनो परिवार के साथ दोस्तों को भी सहसा इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा था, कि उनका प्यारा हंसू अब बहुत दूर जा चुका है ... और यह इंतजार अब कभी खत्म नहीं हो सकती....
बेड पर पिस्टल कैसे आया..!
होटल में मृतक के कमरे में बेड पर पिस्टल बरामद होने से भी कई सवाल उठ रहे हैं। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक किसी बात को लेकर काफी तनाव में था, और किसी बड़ी योजना के साथ होटल में कमरा बुक किया होगा। मगर उसने फांसी क्यों लगाई यह सवाल अब भी अनसुलझा है।
हर पहलुओं पर हो रही जांच
सूरजपुर एसपी आई कल्याण अलीसेला ने बताया कि इस मामले में पुलिस के द्वारा सुसाइड नोट के आधार पर बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में लेनदेन विवाद होना पता चला है। संभवतः युवक किसी बात को लेकर प्रताड़ित था। इस मामले में अपराध पंजीबद्ध हो सकता है।




