17 जून,अंबिकापुर। शहर के ब्रम्ह रोड पंचशील गली में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने एक दुकान में दबिश दे गल्ला तोड़कर 73 हजार रूपए पार कर गया। जिस दुकान में चोरी हुई उस मकान की ऊपरी मंजिल में संचालक परिवार के साथ निवास करते हैं,मगर घटना की भनक किसी को नहीं लग पाई। पंचशील गली निवासी खालसा ट्रेडिंग कंपनी के संचालक गुरप्रीत सिंह भठिया ने बताया कि गर्मी की वजह से तीन मंजिला मकान के छत का दरवाजा शुक्रवार की रात बंद नही किया गया था, संभवतः इसी गलती का फायदा चोरों ने उठाया। घर पर परिवार के सदस्य सो रहे थे। उधर चोरों ने छत के रास्ते सीढ़ी से होते हुए दुकान में प्रवेश किया और गल्ला तोड़कर उसमें रखा 73 हजार रूपए ले उड़े। आज प्रातः उठने पर घटना का पता चला। घटना की सूचना थाने में दी गई है। पुलिस द्वारा सीसी टीवी कैमरे के आधार पर संदिग्धों की पड़ताल की जा रही है।




