सूरजपुर(भूपेंद्र राजवाड़े)। जिला के रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़वार में हनुमान छाप सिक्का के लिए हथियारों से लैस बदमाशों के द्वारा चारकु चेरवा के घर पर डकैती डाले जाने के बहु चर्चित मामले में पुलिस ने ग्यारह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला के मार्गदर्शन में विशेष टीम ने हर पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की अभी शिनाख्ती परेड बाकी है। सभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है, इस मामले में तीन से चार और लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है, उनकी भी तलाश की जा रही है, जिससे आरोपियों की संख्या बढ़कर 14 से 15 तक हो सकती है। पुलिस ने शनिवार को चेहरा ढंकनें के बाद आरोपियों का फोटो जारी किया। अभी आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम बड़वार निवासी प्रार्थी चरकू चेरवा थाना रमकोला में रिपोर्ट दर्ज कराया कि घटना दिवस 16 जुलाई की रात 11 बजे घर में सो रहा था रात्रि करीब 12.30 बजे अज्ञात व्यक्ति आम पेड़ के सहारे छप्पर में चढ़कर घर के आंगन में कूदकर दरवाजा खोल कुल 7 आदमी घर के अंदर प्रवेश किए 4 आदमी घर के बाहर पहरा कर रहे थे, प्रार्थी तथा उसके तीनों बच्चों को आंगन में लाकर मारपीट करते हुए मोबाईल छिन कर जान से मारने की धमकी देते हुए हनुमान छाप सिक्का देने के लिए बाध्य करने लगे हनुमान छाप सिक्का नहीं देने पर घर का तलाशी लिए एवं चाकू सब्बल से दीवाल में कई स्थानों पर खोदकर हनुमान छाप सिक्का का तलाश किए नहीं मिलने पर प्रार्थी के तीनों लड़का लड़की को अपहरण कर जंगल में ले गए, हनुमान छाप सिक्का का मांग की नहीं देने पर प्रार्थी की लड़की को लेकर फिर घर पर आए घर का तलाशी लिए इसी बीच लड़की मौका पाकर गांव में भाग कर गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 395 ,506, 323, 364(क) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज रामगोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आई कल्याण एलिसेला ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पतासाजी कर जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। थाना रमकोला पुलिस के द्वारा मामले की विवेचना के दौरान मुखबीर की सूचना और नई तकनीक की मदद से 11 आरोपियों को दबिश देकर पकड़ा है। पूछताछ पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है जिनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 3 मोटर सायकल व 1 बोलेरो वाहन जप्त कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्यवाई में यह रहे सक्रिय
कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला के मार्ग दर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, थाना प्रभारी रमकोला एआरमानिकपुरी, एएसआई नंदलाल सिंह, इन्द्रदेव भगत, कुन्दन राम मिंज, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, अजीत प्रताप सिंह, रविशंकर चौबे, अखिलेश यादव, रोबर्ट तिग्गा, ज्योतिष पटेल, नंदकिशोर राजवाड़़े, तीरथ राजवाड़े, विजय राजवाड़े, हितेश्वर सारथी, युवराज यादव, महिला आरक्षक शर्मिला सिंह व सुमित्रा सक्रिय रहे।
आरोपियों की संख्या और बढ़ेगी-एसपी
सूरजपुर पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगो की भी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि डकैती के आरोपी अन्य घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।




