अंबिकापुर। सर्व यादव समाज सरगुजा की मांग पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप भूमि आवंटन की प्रक्रिया कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार के द्वारा पूरी कर ली गई है। इसके अलावा शासन द्वारा सामाजिक भवन के लिए भी 50 लाख रुपये जारी किया गया है। सर्व यादव समाज के संभागीय अध्यक्ष देव नारायण यादव ने बताया कि समाज की मांग पर सीएम द्वारा सामुदायिक भवन हेतु बाबू पारा अम्बिकापुर में गौरव पथ रोड के किनारे 17 डिसमिल शासकीय भूमि शीघ्र आवंटन कराने एवं पचास लाख रुपये भवन निर्माण के लिए पैसा देने की घोषणा की गई थी। देव नारायण यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार के द्वारा दो माह के भीतर ही सारी प्रक्रिया पुर्ण कर शीघ्र आदेश जारी करने का पहल किया गया है । समाज के सामुदायिक भवन के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रियापूर्ण करने के साथ भू भाटक की राशि जमा कर दी गई है। छत्तीसगढ़ शासन से पचास लाख रुपये जारी किया गया है। इसके अलावा काबिज वन के पट्टा की मांग भी की गई थी, जिसपर प्रशासन के कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा डेयरी उत्पाद संस्करण सरगुजा में खोलने की मांग को भी पुरा कर आदेश जारी किया गया है। समाज को मिले इन सब सौगातों को लेकर सर्व यादव के संभागीय अध्यक्ष देवनारायण यादव के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुंदन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महासचिव संतोष यादव, ब्लाक अध्यक्ष मोती यादव सर्व यादव समाज सरगुजा के मीडिया प्रभारी महेश यादव , बसंत यादव, कमलेश यादव आदि उपस्थित थे।




