अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस के सड़क पर खड़ी ट्रक से टकरा जाने पर दो लोगों की मौत हो गई जबकि 6 गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बिलासपुर पुलिस कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा आज 7 जुलाई को सुबह करीब 6 बजे रतनपुर के समीप हुआ। इस घटना के बाद सवारों में चीख पुकार मच गई और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर पर शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज करने निर्देश दिए हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतकों का नाम पता नहीं चल पाया था। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। इस घटना से भाजपाइयों में हड़कंप है। घायलों को अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने भी मृतक के परिवारों के प्रति
गहरी संवेदना जताया है। उन्होंने मृतक के परिवारों के लिए चार - चार लाख रूपए की सहायता राशि की भी घोषणा की है।






