अंबिकापुर
। रात के समय मयखाना में तब्दील होने वाले इस इलाके में जब पुलिस की विशेष टीम ने दबिश दी तो नजारा देख चौंक गई.... कोई सड़क पर ही बैठ शराब गटक रहा था तो कोई राह चलते लोगों से गाली गलौज करते हुए हुज्तबाजी कर रहा था.... पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्यवाई की पूरी तैयारी के साथ उस इलाके में गई थी और शाम 7 से देर रात 12 बजे तक 16 बदमाशों को गिरफ्तार कर धारा 151 के तहत प्रतिबंधित कार्यवाई की। पुलिस का सख्त रूप देख बदमाशों में हड़कंप मचा रहा। यह सारी कार्यवाई कृषि कालेज के छात्रावास परिसर और आसपास के सहायक और प्रमुख मार्गो में की गई। दर असल छात्रावास के विद्यार्थियों के द्वारा युवक कांग्रेस नेता हिमांशु जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कालेज, छात्रावास परिसर में नशेड़ियों, बदमाशों के उत्पात की शिकायत की गई थी, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के द्वारा गांधीनगर पुलिस को कार्यवाई करने के सख्त निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर गांधीनगर थाना की पुलिस टीम के द्वारा विशेष तैयारियों के साथ उक्त स्थानों में दबिश दे नशेड़ियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई की गई। इस कार्यवाई से विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार प्रकट किया गया। विद्यार्थियों का कहना है कि उनके द्वारा थाना स्तर पर पूर्व में कई बार शिकायत की गई थी, मगर पहली बार इस तरह की बड़ी कार्यवाई हुई है।





