सूरजपुर ब्यूरो। सूरजपुर जिला के लटोरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद पर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी, डंडे चले, बताया जा रहा है कि मारपीट में एक दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आईं हैं। खबर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक में सवार हो लाठी डंडे से लैस बदमाश पहुंचे थे और एक ग्रामीण परिवार के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी थी। घटना से गांव में भय का माहौल बना रहा। इस संबंध में सूरजपुर पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने बताया कि शिकायत पर पुलिस ने लगभग आधा दर्जन नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। किसी भी आरोपी को छोड़ा नही जायेगा। घटना की वीडियो के आधार पर और आरोपियों की पहचान की जायेगी। उन्होंने कहा कि चुनावी साल में किसी भी तरह के गुंडागर्दी को कुचलने के लिए पुलिस तैयार है और अपराधियों, गुंडों, बदमाशों के खिलाफ निरंतर कड़ी कार्यवाई की जायेगी।



