सूरजपुर (भूपेंद्र राजवाड़े)। मौत तो एक दिन सबको आनी ही है..., इस पृथ्वीलोक में हर जीव नाशवान है मगर... कभी - कभी नियति के खेल से हर कोई अचंभित रह जाता है कि क्या किसी को ऐसे भी मौत आ सकती है।
हम आपको ऐसे की एक घटना के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसमें न तो गोली चली और न ही दुर्घटना हुई ... फिर भी एक युवक की मौत हो गई मगर कैसे..... ?, कारण भी अजीबोगरीब है ... बकरे की आंख..! अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर बकरे की आंख से किसी की मौत कैसे हो सकती है..। दरअसल युवक ने कटे बकरे के सिर से आंख निकाल उसे कच्चा ही रसगुल्ले के समान निगलने की कोशिश की और यही गलती उसके लिए काल बन गई। बकरे की आंख उसके श्वास नली में जाकर फंस गई और कुछ देर में ही युवक ने दोस्तों के सामने दम तोड दिया।
यह है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि ग्राम मदनपुर निवासी बागर साय आज सोमवार को अपने दोस्तों के साथ खोपा धाम गया था। जहां उन्होंने बैगा से एक बकरे की सिर खरीदी और पिकनिक मनाने सूरजपुर से लगे पर्री नर्सरी के समीप गए थे। जहां बागर साय अचानक अचेत हुआ और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके दोस्तों ने बताया कि बागर साय के द्वारा बकरे की आंख को निगलने की कोशिश की गई थी, जिससे उसकी मौत हुई। चिकित्सकों ने बताया कि श्वास नली में बकरे की आंख फंसने से दम घुटा जिससे उसकी मौत हुई है। इस घटना से परिजनों में कोहराम है वहीं, मौत आने के तरीके को लेकर लोगों के बीच तरह - तरह की चर्चाएं चल रही हैं।




