अंबिकापुर। . सायबर ठग हर बार नए - नए तरीके लोगों को झांसे में उनकी जीवन की गाढ़ी कमाई पल भर में पार कर देते हैं, इस बार शहर की एक युवती आनलाइन लहंगा मंगाने के चक्कर में करीब एक लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गई। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक अनामिका नामक एक युवती ने इंस्टाग्राम में लहंगा का विज्ञापन देख अपने घर के पते पर खरीदी के लिए आर्डर दिया था। कई दिन बाद भी लहंगा जब नही पहुंचा तो उसने मोबाइल पर आनलाइन ट्रेक की तो लहंगा के गंतव्य तक पहुंचने की जानकारी मिली, इस जानकारी पर वह चौंक गई, कि लहंगा तो उसे मिला ही नहीं था, उसने गुगल पर सर्च कर उक्त कंपनी का मोबाइल नंबर हासिल कर फोन की तो ठगों के संपर्क में आ गई। संभवतः ठगों के द्वारा उक्त कंपनी के नाम पर फर्जी नंबर गुगल पर अपलोड कर दिया था। ठगों ने युवती को झांसे में लेते हुए मोबाइल पर आनलाइन प्रोसेस कराया, इसके थोड़ी देर बाद युवती के खाते से एक रुपए कटा , इसके बाद पुनः दो बार में 99 हजार रूपए कट गए। पल पल में बैंक खाता खाली होने पर युवती ने जब उक्त नंबर पर फोन लगाया तो स्विच ऑफ मिला। पीड़ित युवती तत्काल भागते हुए कोतवाली पहुंची और घटना की शिकायत की गई है। पुलिस ने कहा कि सायबर सेल के माध्यम से मामले की जांच की जा रही है।




