सूरजपुर(ब्यूरो)। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण युवक को जेसीबी से बांधकर मारपीट करते हुए उसके ऊपर पेशाब किए जाने के मामले में पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार सहित अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए, रात में ही विभिन्न इलाकों में दबिश देकर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलीसेला ने बताया कि यह काफी गंभीर मामला है, पुलिस ने यह खबर मिलते ही संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी थी, देर शाम पीड़ित युवक द्वारा शिकायत किए जाने पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध करते हुए आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई नही होगी। आज शाम तक मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। इस मामले में आरोपी अभिषेक पटेल, कृष्ण कुमार पटेल, सोनू राठौर सभी निवासी सतना मध्य प्रदेश के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 341, 506 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
विदित हो कि ग्राम सरहरी निवासी कलिंदर राम 35 वर्ष दो दिन पूर्व धान बीज खरीदने के नाम से घर से निकला था। रास्ते में सड़क निर्माण में लगी वाहनों को वह कौतूहल वश देखने लगा तो ठेकेदार और उसके गुंडों ने उसे पकड़ लिया और जेसीबी मशीन से बांधकर उसकी बेदम पिटाई की थी। आरोप है कि ठेकेदार और उसके गुंडों ने जूते में थूककर भी उसी जुटे से पिटाई की , इस पर भी जी नही भरा तो उसके ऊपर पेशाब कर दिया था।



