मैनपाट(महेश यादव)। विकासखंड मैनपाट क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग के द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों के कृत्रिम अंग, शल्य क्रिया व सहायक उपकरण हेतु चिन्हकन शिविर में 100 से अधिक विकलांग शामिल हुए। शिविर में अधिकांश दिव्यांगों के पास आधार कार्ड नहीं होने की समस्या आई जिस पर जिला पंचायत सीईओ नूतन कुमार कंवर भड़क उठे और पंचायत सचिवों को जमकर फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा की इस और ध्यान नहीं देने वाले सचिवों पर कड़ी कार्यवाई की जायेगी। शिविर में विकलांगता के प्रतिशत और प्रकार के आधार पर जरूरी उपकरणों के लिए उनका चिन्हाकन किया गया।
प्राथमिक शाला का भी किया निरीक्षण
जिला पंचायत सीईओ नूतन कुमार कंवर ने शिविर के दौरान ग्राम पंचायत सरभंजा के प्राथमिक शाला का भी निरीक्षण किया। यहां पदस्थ शिक्षिका तृषा तिर्की ने बताया कि इस स्कूल में वे अकेली शिक्षिका हैं। स्कूल में बच्चो की संख्या 100 से अधिक है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इस पर सीईओ ने उचित पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने बच्चों से सवाल भी पूछे, सही जवाब देने पर बच्चों के साथ शिक्षिका के प्रयासों की सराहना भी की।




